अररिया(रंजीत ठाकुर): जिले में कोरोना के मामले लगातार बढ़ रहे हैं, जुलाई का महीना अब तक कोरोना संक्रमण के लिहाज से बेहद संवेदनशील रहा है। जारी माह में अब तक 55 हजार 732 लोगों की हुई कोरोना जांच में संक्रमण के कुल 153 मामले सामने आ चुके हैं सोमवार को जिले में संक्रमण के 21 नये मामले सामने आये लिहाजा एक्टिव मरीजों की संख्या बढ़ कर 96 हो चुकी है. इससे पहले बीते गुरुवार को एक दिन में सबसे अधिक 27 संक्रमित मरीज मिले थे. हर दिन संक्रमित मरीजों के मिलने से जिले में संक्रमण के प्रसार की दर में भी लगातार इजाफा हो रहा है. वर्तमान में संक्रमण प्रसार की दर 0.27 है. देखा जाये तो जुलाई महीने में औसतन हर दिन संक्रमण के 06 नये मामले सामने आ रहे हैं. जो संक्रमण के प्रसार में आयी तेजी को दर्शाता है.
संक्रमण से बचाव का टीकाकरण महत्वपूर्ण विकल्प :
सिविल सर्जन डॉ विधानचंद्र सिंह ने कहा कि संक्रमण का लगतार बढ़ना चिंताजनक है. इसके लिये कहीं न कहीं हमारा लापरवाह रैवाया जिम्मेदार है. संक्रमण से खतरों से बचाव को लेकर टीकाकरण के रूप में हमारे पास महत्वपूर्ण विकल्प उपलब्ध है. लेकिन अभी भी कुछ लोग पूर्ण टीकाकरण के महत्व को नजदअंदाज किये हैं. इतना ही नहीं हाथों की सफाई, शारीरिक दूरी का ध्यान, भीड़-भाड़ वाले जगहों से परहेज, मास्क का उपयोग जैसे संक्रमण से बचाव के महत्वपूर्ण उपायों के प्रति भी लोगों का लापरवाह रवैया कायम है. हमें इससे बचने की जरूरत है. पूर्ण टीकाकरण जरूरी है. इसलिये निर्धारित समय पर टीका का उपयुक्त डोज लगाने की अपील उन्होंने आम लोगों से की.
लाभुक को प्रेरित व टीकाकृत करने का कार्य अनवरत जारी :
जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी डॉ मोईज ने बताया कि जिले में कोरोना टीकाकरण की प्रक्रिया अनवरत जारी है. हर गुरुवार को इसे लेकर विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है. इसके अलावा टीकाकर्मी लोगों के घर-घर पहुंच कर वंचितों को टीकाकृत करने के प्रयास में जुटी है. सभी चिकित्सा संस्थानों में टीकाकरण की सुविधा नि:शुल्क उपलब्ध है. उन्होंने कहा कि टीकारकण के लिये लोगों को प्रेरित करने के लिये पीएचसी स्तर पर संचालित कॉल सेंटर के माध्यम से लाभुकों से दूरभाष पर संपर्क साधा जा रहा है. जिले में अब तक 18.13 लाख लोगों ने टीका का पहला व 15.16 लाख लोगों ने दूसरा व 1.19 लाख लोगों को टीका का बूस्टर डोज लगाया गया है.
