अररिया(रंजीत ठाकुर): श्री प्रशांत कुमार सीएच जिलाधिकारी अररिया की अध्यक्षता में शिक्षा विभाग के कार्यों की भौतिक प्रगति एवं उपलब्धि को लेकर संबंधित विभागीय पदाधिकारियों के साथ समाहरणालय स्थित आत्मन सभाकक्ष में बैठक आहूत की गई। पूर्व बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुपालन को लेकर योजना वार गहन समीक्षा की गई। बैठक में विद्यालय भूमि अतिक्रमण, असैनिक संभाग के तहत अतिरिक्त वर्ग कक्ष निर्माण की स्थिति, उच्च माध्यमिक विद्यालयों में पुस्तकालय कक्ष निर्माण की स्थिति, कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय का संचालन, मध्याह्न भोजन योजना की स्थिति की समीक्षा पीपीटी के माध्यम से विस्तारपूर्वक अवगत कराया गया। जिला शिक्षा पदाधिकारी द्वारा बताया गया कि वर्तमान में मध्याह्न भोजन का संचालन जिले के 1938 विद्यालयों में नियमित रूप से किया जा रहा है। मध्याह्नभोजन योजना बाधित विद्यालयों में क्रमशः प्राथमिक विद्यालय बुधेश्वरी, अररिया के प्रधानाध्यापक को निलंबित कर दिया गया है। इसी प्रकार प्राथमिक विद्यालय रूपैली, रानीगंज के प्रधानाध्यापक को निलंबित करने की अनुशंसा नियोजन समिति से की गई है। शेष तीन विद्यालय में विवाद का समाधान कराते हुए मध्याह्न भोजन का संचालन शुरू करा दिया गया है। संबंधित प्रधानाध्यापक एवं प्रभारी प्रधानाध्यापक द्वारा वित्तीय वर्ष 2014-15 से 2019 -20 तक मध्याह्न भोजन योजना में बरती गई अनियमितता के विरुद्ध राशि संबंधित के वेतन से 20% की कटौती की जा रही है। अब तक 35 विद्यालयों के प्रधानाध्यापक से कुल 842909, राशि की वसूली किया गया है। बैठक को संबोधित करते हुए जिला पदाधिकारी द्वारा संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया गया कि विद्यालयों में नियमित रूप से निर्धारित मीनू एवं गुणवत्तापूर्ण मध्याह्न भोजन का संचालन सुनिश्चित करें।
संबंधित पदाधिकारियों को नियमित रूप से मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता की जाँच करने एवं जाँच प्रतिवेदन समर्पित करने का निर्देश दिये। मध्याह्न भोजन योजना में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक में दिए गए निर्देशों का शत प्रतिशत अनुपालन हर हालत में सुनिश्चित करें।जिला शिक्षा पदाधिकारी को निर्देशित किया गया कि लापरवाह एवं दोषी कर्मियों के विरुद्ध विभागीय करवाई स समय सुनिश्चित करें। जिला शिक्षा पदाधिकारी एवं प्रभारी पदाधिकारी एम डी एम तथा सभी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी एवं बीआरसी को निर्देश दिया गया की प्रत्येक माह में निर्धारित विद्यालय का निरीक्षण हर हालत में करना सुनिश्चित करें।साथ ही साथ विद्यालयों में छात्रों एवं शिक्षकों की उपस्थिति शत-प्रतिशत सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया गया। विद्यालय अतिक्रमण की समीक्षा के दौरान बताया गया कि कुल 51 विद्यालय अधिक्रमित में से 26 विद्यालय को अतिक्रमण मुक्त करा लिया गया है। जिला पदाधिकारी द्वारा इसे गंभीरता से लेते हुए संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया गया कि जो विद्यालय अधिक्रमित हैं, उसे अतिक्रमण मुक्त कराने हेतु संबंधित अंचलाधिकारी से समन्वय बनाकर निर्धारित समय पर कार्य निष्पादित कराना सुनिश्चित करें। जो विद्यालय अतिक्रमण मुक्त करा लिया गया है ।उस विद्यालय का मोटेशन, रसीद समय पर निष्पादन कराने की हिदायत दी गई। इस में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अतिक्रमण से संबंधित जांच रिपोर्ट संबंधित अंचलाधिकारी एवं प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी के हस्ताक्षर के साथ प्रतिवेदन समर्पित करने का निर्देश दिया गया। कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय में जहां-जहां भी नामांकन के लिए रिक्त है। संबंधित क्षेत्र में मार्किंग के माध्यम से गहन प्रचार प्रसार करने का निर्देश तथा संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकारी से समन्वय बनाकर नामांकन के रिक्त पदों को भरने का निर्देश डीपीओ समग्र शिक्षा अभियान को दिया गया। साथ ही साथ डीपीओ स्थापना को हिदायत दी गई कि कार्यशैली में सुधार लाना सुनिश्चित करें। बीआरपी नरपतगंज की प्रगति संतोषजनक नहीं पाए जाने पर स्पष्टीकरण की पृच्छा की गई। एमडीएम प्रभारी को निर्देश दिया गया कि मध्याह्न भोजन में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी । दोषी पाए जाने पर संबंधित प्रधानाध्यापक के विरुद्ध कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। साथ ही साथ बीआरपी के जांच प्रतिवेदन पर एमडीएम प्रभारी का भी जांच प्रतिवेदन हो इसे सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। नेपाल बॉर्डर से सटे स्कूलों में अभियान चलाकर हर हालत में सुधार लाने का निर्देश दिया गया।जिला शिक्षा पदाधिकारी एवं संबंधित पदाधिकारियों को विद्यालय में पठन-पाठन नियमित रूप से रोस्टर के अनुसार संचालन कराने का निर्देश दिया गया। विद्यालय निरीक्षण के दौरान शिक्षकों की उपस्थिति कक्षा बार एवं विषय वार रूटीन का अनुपालन पठन-पाठन की गुणवत्ता की जांच एवं छात्रों की उपस्थिति में वृद्धि कराने की हिदायत दी गई।
इसी प्रकार असैनिक संभाग के तहत एमएसडीपी योजना अंतर्गत अतिरिक्त वर्ग कक्ष निर्माण की समीक्षा की गई और निर्धारित समय सीमा के अंदर कार्य पूर्ण कराने हेतु कई आवश्यक दिशा निर्देश दिए। जिस वर्ग कक्ष का निर्माण पूर्ण हो गया है। उसे हैंडोवर करने से पहले कमिटी द्वारा जांच कराने का निर्देश जिला शिक्षा पदाधिकारी एवं संबंधित पदाधिकारी को दिया गया। जिलाधिकारी द्वारा उक्त कार्यों को गंभीरता से लेते हुए वेहतर शिक्षा, शिक्षक एवं छात्रों की शत-प्रतिशत उपस्थिति, मध्यान भोजन की गुणवत्ता, अतिरिक्त वर्ग कक्ष एवं पुस्तकालय निर्माण में निर्धारित मापदंड एवं गुणवत्ता,कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय में सभी आवश्यक संसाधन की उपलब्धता हर हालत में सुनिश्चित करने की हिदायत दी गई।बैठक में जिला शिक्षा पदाधिकारी, एमडीएम प्रभारी, डीपीओ स्थापना एवं समग्र शिक्षा तथा संबंधित प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी, सहायक अभियंता एवं कनीय अभियंता तथा संबंधित पदाधिकारी मौजूद थे।
