अररिया(रंजीत ठाकुर): फारबिसगंज प्रखंड स्थित तिरसकुंड पंचायत के प्राथमिक विद्यालय आदिवासी टोला मधुरा में शुक्रवार को अमर शहीद मंगल पांडे को याद किया गया। कार्यक्रम में अमर स्वतंत्रता सैनानी मंगल पांडेय के तैल चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि प्रदान की गई । साथ ही स्कूली बच्चों द्वारा मानव श्रृंखला बना कर शहीदों को याद किया गया । इस अवसर पर प्रधानाध्यापक कुमार राजीव रंजन ने कहा कि 8 अप्रैल 1857 को वीर शहीद मंगल पांडे को अंग्रेजी हुकूमतों ने फांसी पर लटका दिया था । उन्होंने कहा कि सभी देशवासियों को चाहिए कि शहादत दिवस पर वीरों को याद करें । ताकि वीरों का बलिदान व्यर्थ न जाए।
वहीं बंजारा दिवस के अवसर पर विद्यालय के प्रधानाध्यापक कुमार राजीव रंजन ने कहा कि बंजारा समुदाय काफी संख्या में देश के भिन्न भिन्न इलाकों में भ्रमण करते हुए अपने जीवन व्यतीत करते हैं । सरकार को चाहिए कि उन्हें समाज के मुख्य धारा से जोड़कर उन्हें भी मौलिक अधिकार दिलाएं । वह भी मानव हैं । सरकार को उन्हें भी जीवन जीने के लिए समुचित व्यवस्था करवाना चाहिए । ताकि उनके बच्चे भी पढ़ेंगे और आगे बढ़ेंगे । तभी समाज के सभी लोग शिक्षित होंगे और देश की सेवा कर सकेंगे । इस मौके पर सहायक शिक्षक अमित कुमार साह, रिंकु कुमार पासवान, शिक्षिका सोनम कुमारी, सरयू मिश्र मेमोरियल ट्रस्ट के स्वयं सेवक चार्लेस किस्कू, पूर्व उप मुखिया फागू बासकी, शैला टुड्डू एवं रसोइया आदि समेत दर्जनों लोग मौजूद थे।
