जमुई(मो० अंजुम आलम): सदर थाना क्षेत्र के ढंढ गांव में शनिवार की देर शाम दहेजलोभी ससुरालवालों ने एक विवाहिता की गला दबाकर हत्या कर दी।सूचना के बाद मृतका के पिता महिसौड़ी मुहल्ला निवासी सीताराम उर्फ सोनु और वार्ड पार्षद फिरोज आलम उर्फ डिसू द्वारा शव को देर शाम 8 बजे सदर अस्पताल लाया गया, जहां टाउन थाना की पुलिस सदर अस्पताल पहुंचकर छानबीन करते हुए कागजी प्रक्रिया पूरी कर शव का पोस्टमार्टम कराया गया। मृतका की पहचान महिसौड़ी मुहल्ला निवासी सीताराम उर्फ सोनु की पुत्री खुशबू कुमारी के रूप में हुई है।मृतका के पिता सीताराम उर्फ सोनु ने बताया कि वे अपनी बेटी की शादी लगभग 4 वर्ष पूर्व ढंढ गांव निवासी इंद्रदेव राम के पुत्र विपिन कुमार से की थी। उस वक़्त भी दहेज दिया गया था।उसके बाद सबकुछ ठीकठाक था, लेकिन ससुराल वाले कई महीनों से दहेज को लेकर उनकी बेटी के साथ मारपीट और प्रताड़ित कर रहे थे। झगड़े को शांत कराने के लिए 4 माह पहले ही उन्होंने अपने दामाद विपिन कुमार को एक आटो खरीदकर दिए थे। उसके बाद भी फिर ससुरालवालों द्वारा दहेज की मांग की जाने लगी थी। पैसा नहीं रहने की वजह से मांग की पूर्ति करने में विलंब हुई जिस वजह से उसकी हत्या कर दी गई।
13 अगस्त को महिला गई थी ससुराल–
मृतका के पिता सीताराम ने बताया कि 13 अगस्त शुक्रवार को उनकी बेटी अपने नैहर आई थी, लेकिन उनके पति विपिन कुमार द्वारा शुक्रवार की ही रात 9 बजे उसे जबरन लेकर ससुराल ढंढ चले गए थे और 14 अगस्त रविवार की शाम ससुराल वालों द्वारा गला दबा कर उनकी हत्या कर दी गई।
पड़ोसी द्वारा दी गई थी मौत की सूचना,ससुराल वाले हुए फरार-
घटना के बाद पड़ोसी द्वारा महिला की मौत होने की सूचना पिता को दी गई थी। जब पिता ढंढ गांव पहुंचे तो उनकी बेटी के शरीर के कई हिस्सों पर खून लगा हुआ था, और गले पर गहरा निशान भी था। इस दौरान ससुराल वाले उनकी बेटी के शव को घर में छोड़कर भाग चुके थे।
पिता ने टाउन थाना में कराया मुकदमा दर्ज-
मृतका के पिता सीताराम उर्फ सोनू ने घटना के संबंध में टाउन थाना में आवेदन देकर अपनी पुत्री के हत्यारे की जल्द से जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। उन्होंने बेटी के पति यानि अपने दामाद यविपिन कुमार, बेटी के ससुर इंद्रदेव राम, सास, भैसुर महेश राम, रामप्रवेश राम, गोतनी सोनी देवी और अनिता देवी को नामजद करते हुए मुकदमा दर्ज कराया गया है।
मौत के बाद स्वजन में मचा कोहराम-
विवाहिता की मौत के बाद शव सदर अस्पताल पंहुचते ही देखने के लिए लोगों की काफी भीड़ लग गई। स्वजनों में कोहराम मच गया। परिवार वालों का रो- रो कर बुरा हाल हो रहा था। स्वजन के चीख- चीत्कार से पूरा माहौल गमगीन हो चुका था। बता दें कि मृतका को तीन वर्षीय एक पुत्री और 10 माह का एक पुत्र भी है।
कोट-
मामले की जानकारी मिली है। पीड़िता के पिता द्वारा थाना में आवेदन दिया गया है। पुलिस द्वारा जांच- पड़ताल की जा रही है। कार्रवाई करते हुए आरोपित ससुरालवालों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
डा. राकेश कुमार, सदर एसडीपीओ जमुई
