अररिया, रंजीत ठाकुर अररिया जिले के विभिन्न स्थानों पर आज रविवार को धूमधाम से 76वां गणतंत्र दिवस मनाया गया,जिसमें सभी सरकारी, गैर सरकारी संस्थानों एवं चौक-चौराहों पर भी तिरंगा फहराया गया और वीर शहीदों को याद किया गया ।सुबह से घने कोहरे के बाबजूद लोगों में गणतंत्रदिवस को लेकर खासा उत्साह देखा गया। बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे भी हाथों में तिरंगा थामे इस राष्ट्रीय महापर्व में शामिल हुए।इस अवसर पर लोगों एवं उपस्थित बच्चों का मुँह मीठा कराया गया।
अररिया जिला मुख्यालय में जिला पदाधिकारी अनिल कुमार पुलिस अधीक्षक अंजनी कुमार ने अपने कार्यालय परिसर में ध्वजारोहण किया।वहीं अररिया प्रखंड एवं अंचल कार्यालय में प्रखंड प्रमुख ने ध्वजारोहण किया,प्रखंड विकास पदाधिकारी भी मौजूद थे।
फारबिसगंज अनुमंडल कार्यालय में अनुमंडल पदाधिकारी शैलजा पांडे के द्वारा ध्वजारोहण किया गया, तो वहीं फारविसगंज प्रखंड कार्यालय में भी प्रखंड प्रमुख ने ध्वजारोहण किया। इस मौके पर प्रखंड विकास पदाधिकारी भी मौजूद थे।इसके अलावे विभिन्न सरकारी एवं गैर सरकारी संस्थाओं एवं चौक-चौराहों पर भी राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया। नरपतगंज प्रखंड के प्रखंड कार्यालय में प्रखंड प्रमुख ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और झंडे को सलामी दी। प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं अंचल पदाधिकारी भी मौजूद थे तथा बड़ी संख्या में लोग इस राष्ट्रीय महापर्व में शामिल हुए।
प्रखंड क्षेत्र के सभी पुलिस थानों बसमतिया, घुरना,फुलकाहा एवं नरपतगंज में थानाध्यक्षों द्वारा राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया और झंडे को सलामी दी गई। सीमावर्ती क्षेत्र के सभी एसएसबी कैंपों में भी कैंप प्रभारी द्वारा ध्वजारोहण किया गया। वहीं नरपतगंज विधानसभा क्षेत्र के विधायक जयप्रकाश यादव ने अपने आवास पोसदाहा में राष्ट्रीय ध्वज फहराया, जिसमें नरपतगंज एवं फुलकाहा थाना के थानाध्यक्ष सहित पुलिसकर्मी भी शामिल हुए।वहीं इस अवसर पर पार्टी के कार्यकर्ताओं के साथ-साथ प्रखंड विकास पदाधिकारी, प्रखंड प्रमुख,अंचल पदाधिकारी,राजस्व पदाधिकारी एवं चिकित्सा पदाधिकारी सहित विभिन्न पंचायत के जन प्रतिनिधि सहित बड़ी संख्या में क्षेत्र के गणमान्य लोग उपस्थित थे।
ध्वजारोहण के पश्चात मध्य विद्यालय दरगाही गंज के स्कूली बच्चों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया, जिसने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। बच्चों की प्रस्तुति देख माननीय विधायक के सौजन्य से उपस्थित गणमान्य व्यक्तियों के द्वारा बच्चों को पुरस्कृत भी किया गया। इसके साथ ही माननीय विधायक ने दो शिक्षिकाओं को भी उनके उत्कृष्ट कार्य को लेकर पुरस्कृत किया। बड़ी संख्या में माननीय विधायक द्वारा इस राष्ट्रीय महापर्व के अवसर पर दिए गए भोज में लोग शामिल हुए।