फुलवारीशरीफ, अजीत। प्राथमिक विद्यालय प्रखंड कॉलोनी, फुलवारी शरीफ में विश्व पृथ्वी दिवस के अवसर पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया. चेतना सत्र के दौरान शिक्षिका नीतू शाही ने बच्चों को पृथ्वी दिवस के महत्व की जानकारी दी और एक प्रेरणादायक कविता भी सुनाई।
इस मौके पर बच्चों को पृथ्वी की सुरक्षा और पर्यावरण संरक्षण के लिए कम से कम एक पौधा लगाने की शपथ दिलाई गई. शिक्षिका ने बताया कि पृथ्वी दिवस हर वर्ष 22 अप्रैल को मनाया जाता है, जिसका उद्देश्य धरती और उसके पर्यावरण के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाना है. उन्होंने यह भी जानकारी दी कि इस दिवस की शुरुआत पर्यावरणविद गेलॉर्ड नेल्सन के प्रयासों से हुई थी। कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने फलदार और छायादार पौधे लगाकर “पेड़ लगाओ, पृथ्वी बचाओ” का संदेश दिया. साथ ही फैंसी ड्रेस कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें बच्चों ने पृथ्वी का रूप धारण कर आकर्षक प्रस्तुति दी और सभी का मन मोह लिया। शिक्षिका नीतू शाही ने कहा कि वे स्कूल में हर शुभ अवसर पर बच्चों से पौधारोपण करवाती हैं और उपहार के रूप में भी पौधा देती हैं, ताकि पर्यावरण संरक्षण की भावना बचपन से ही विकसित हो. उन्होंने कहा कि उनके लिए हर दिन पृथ्वी दिवस के समान है। कार्यक्रम में बच्चों की सक्रिय भागीदारी रही और सभी ने मिलकर धरती को हरा-भरा बनाने का संकल्प लिया।
