फुलवारीशरीफ, अजीत। सेंट कैरेंस हाई स्कूल, पटना के 12वीं (जीव विज्ञान) के 45 छात्रों ने बुधवार को जय प्रभा मेदांता सुपर स्पेशलिटी अस्पताल का शैक्षणिक भ्रमण किया. इस दौरान छात्रों को आधुनिक स्वास्थ्य सेवाओं और अस्पताल प्रबंधन की बारीकियों को करीब से समझने का अवसर मिला।
सुव्यवस्थित कार्यक्रम के तहत छात्रों को अस्पताल के विभिन्न महत्वपूर्ण विभागों का दौरा कराया गया. सबसे पहले उन्होंने एडमिशन डेस्क और कंट्रोल रूम की कार्यप्रणाली को समझा, जहां मरीजों के आवागमन और प्रबंधन की जानकारी दी गई. इसके बाद छात्रों ने इमरजेंसी वार्ड, कैथ लैब, आईसीयू और डायलिसिस यूनिट जैसे अत्याधुनिक एवं संवेदनशील विभागों का भ्रमण किया। इसके अलावा छात्रों ने रेडियोलॉजी, ऑन्कोलॉजी और पैथोलॉजी लैब का भी दौरा किया, जहां उन्हें आधुनिक जांच उपकरणों और प्रक्रियाओं की जानकारी दी गई. ब्लड बैंक और ओपीडी के माध्यम से सामुदायिक स्वास्थ्य सेवाओं के महत्व से भी उन्हें अवगत कराया गया। भ्रमण के दौरान छात्रों को ‘बेसिक लाइफ सपोर्ट’ (BLS) का प्रशिक्षण भी दिया गया, जिससे आपातकालीन स्थिति में जीवन रक्षक तकनीकों की जानकारी मिली।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सकों के साथ संवाद सत्र रहा. मेडिकल डायरेक्टर डॉ. रवि शंकर सिंह, ऑपरेशंस हेड डॉ. दीपक सिंह और मेडिकल सुपरिंटेंडेंट डॉ. सैयद आसिफ रहमान ने छात्रों के प्रश्नों का उत्तर देते हुए अपने अनुभव साझा किए और चिकित्सा क्षेत्र में करियर बनाने के लिए मार्गदर्शन दिया। डॉ. रवि शंकर सिंह ने कहा कि ऐसे भ्रमण से छात्रों में स्वास्थ्य सेवा के प्रति रुचि और समझ विकसित होती है. उन्होंने कहा कि यह अनुभव उनके भविष्य के करियर चयन में सहायक साबित होगा। कार्यक्रम के अंत में छात्रों को स्मृति चिह्न प्रदान किए गए और अल्पाहार की व्यवस्था की गई. इस शैक्षणिक भ्रमण को छात्रों ने ज्ञानवर्धक और प्रेरणादायक अनुभव बताया।
