पटना, (न्यूज़ क्राइम 24) जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिलाधिकारी, पटना के निदेश पर आज पटना समाहरणालय से मतदाता जागरूकता संदेशों पर आधारित एक आकर्षक, विशाल एवं भव्य स्कूटी तथा बाइक रैली का आयोजन किया गया। इस रैली में सैकड़ों की संख्या में फर्स्ट-टाइम वोटर्स, छात्र-छात्राएं, महिलाएं, दिव्यांगजन, सिविल सोसायटी के सदस्यगण एवं अधिकारीगण ने भाग लिया।
रैली में प्रसिद्ध फिल्म अभिनेत्री एवं राज्य स्वीप आयकॉन नीतू चंद्रा, सहायक समाहर्ता श्री विग्नेश, पटना जिला स्वीप आयकॉन, पटना जिला पीडब्ल्यूडी स्वीप आयकॉन सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। सभी ने 6 नवम्बर को मतदान करने का संकल्प लिया और आम मतदाताओं से भी अपने मताधिकार का प्रयोग करने की अपील की। जिला प्रशासन, पटना ने जिले के करीब 49 लाख मतदाताओं से अपील की है कि वे आगामी 6 नवम्बर को अवश्य मतदान करें और लोकतंत्र को सशक्त बनाएं।
