फुलवारीशरीफ, अजीत। बिहार विधान परिषद के पटना स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए शुक्रवार को फुलवारी शरीफ और संपतचक में कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान संपन्न हुआ. फुलवारी शरीफ में तीन और संपतचक में दो मतदान केंद्रों पर मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया. दिनभर मतदान केंद्रों के आसपास राजनीतिक कार्यकर्ताओं और समर्थकों की भीड़ रही. कुछ स्थानों पर आरोप-प्रत्यारोप को लेकर हंगामा भी हुआ, लेकिन पुलिस और प्रशासन की निगरानी में मतदान प्रक्रिया पूरी करायी गयी।
फुलवारी शरीफ में स्नातक निर्वाचन के लिए बूथ संख्या 20 और 21 तथा शिक्षक निर्वाचन के लिए बूथ संख्या 12 बनाया गया था. स्नातक निर्वाचन के दोनों बूथों पर कुल 2495 मतदाता थे, जिनमें 1726 पुरुष और 779 महिला मतदाता शामिल थे. मतदान समाप्ति तक बूथ संख्या 20 पर 41.42 प्रतिशत और बूथ संख्या 21 पर 48.34 प्रतिशत मतदान हुआ. वहीं शिक्षक निर्वाचन के बूथ संख्या 12 पर 52.47 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
संपतचक में शिक्षक बूथ पर 62 प्रतिशत से अधिक मतदान
संपतचक प्रखंड कार्यालय में शिक्षक निर्वाचन के लिए बूथ संख्या 11 और स्नातक निर्वाचन के लिए बूथ संख्या 19 बनाया गया था. शिक्षक निर्वाचन के बूथ संख्या 11 पर कुल 69 मतदाता थे, जिनमें 45 मतदाताओं ने मतदान किया. यहां करीब 65.2 प्रतिशत मतदान हुआ।
वहीं स्नातक निर्वाचन के बूथ संख्या 19 पर कुल 958 मतदाता थे. इनमें 532 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया. मतदान करने वालों में 417 पुरुष और 117 महिला मतदाता शामिल रहे. इस तरह यहां करीब 55.5 प्रतिशत मतदान हुआ।
शिक्षक बूथ पर पहचान पत्र जांच को लेकर उठे सवाल
फुलवारी शरीफ अंचल कार्यालय स्थित शिक्षक निर्वाचन के बूथ संख्या 12 पर मतदान के दौरान कुछ मतदाताओं ने पहचान पत्र की जांच को लेकर सवाल उठाये. उनका आरोप था कि कुछ मतदाताओं को पहचान पत्र की समुचित जांच के बिना मतदान की अनुमति दी जा रही है. जनसुराज की प्रत्याशी दिव्या ज्योति ने भी मतदान केंद्र पहुंचकर फर्जी मतदान की आशंका जताते हुए जांच की मांग की।
शिकायत की सूचना पर एएसपी नारायण उपाध्याय पुलिस बल के साथ मतदान केंद्र पहुंचे. शिकायतकर्ताओं से जानकारी लेने के बाद उन्होंने मतदान केंद्र की व्यवस्था का जायजा लिया. एएसपी ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि मतदान केंद्र पर पहचान पत्र की जांच के बाद ही मतदाताओं को मतदान की अनुमति दी जा रही है. पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती है और मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण है।
राजद कार्यकर्ताओं ने अंचल कार्यालय के बाहर किया हंगामा
इधर, फुलवारी शरीफ अंचल कार्यालय स्थित मतदान केंद्र के बाहर राजद नेताओं और कार्यकर्ताओं ने हंगामा किया. राजद कार्यकर्ताओं का आरोप था कि मतदान केंद्र के अंदर चुनाव में लगे एक पदाधिकारी द्वारा मतदाताओं पर एक खास क्रम में मतदान करने का दबाव बनाया जा रहा है. इस आरोप को लेकर काफी देर तक गहमागहमी बनी रही. मौके पर पहुंचे फुलवारी शरीफ थानाध्यक्ष गुलाम मोहम्मद शाहबाज आलम ने स्थिति को संभाला. प्रशासनिक अधिकारियों और पुलिस ने आरोपों को खारिज करते हुए मतदान प्रक्रिया निर्धारित नियमों के अनुसार होने की बात कही।
राजद प्रवक्ता एजाज अहमद ने भी फुलवारी शरीफ में मतदान किया. उन्होंने कहा कि बिहार में परिवर्तन की जरूरत है. युवाओं को रोजगार और नौकरी मिले, इसके लिए मतदाताओं को ऐसे प्रतिनिधि का चुनाव करना चाहिए जो विधान परिषद में युवाओं की आवाज मजबूती से उठा सके।
संपतचक में समर्थकों के साथ नेताओं ने किया मतदाताओं से संपर्क
संपतचक में मतदान के दौरान राजद नेता एवं नगर परिषद अध्यक्ष अमित कुमार, अध्यक्ष प्रतिनिधि ऋषभ राय उर्फ बंटू और जदयू संपतचक अध्यक्ष रंजीत कुमार टप्पू अपने-अपने समर्थकों के साथ मतदान केंद्र के आसपास मौजूद रहे. नेता और उनके समर्थक अपने-अपने समर्थित उम्मीदवार के पक्ष में मतदाताओं से वोट देने की अपील करते नजर आये. मतदान केंद्र के आसपास दिनभर राजनीतिक गतिविधियां बनी रहीं।
संपतचक में भी सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किये गये थे. गोपालपुर थानाध्यक्ष अमित कुमार सिंह, गौरीचक थानाध्यक्ष सुमन कुमार और पचरुखिया थानाध्यक्ष विकास कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मतदान केंद्र पर मौजूद रहे. पुलिसकर्मी लगातार मतदान केंद्र और आसपास के इलाके में निगरानी करते रहे। फुलवारी शरीफ और संपतचक में दिनभर चली गहमागहमी के बावजूद मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई. मतदान समाप्त होने तक पुलिस और प्रशासन की टीम दोनों स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था में लगी रही।
