झुमरीतिलैया, (न्यूज़ क्राइम 24) सिख धर्म के संस्थापक गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के अवसर पर पाकिस्तान के ननकाना साहिब में 24 नवंबर 2026 को भव्य आयोजन होगा। इस पावन अवसर पर भारत से करीब तीन हजार श्रद्धालु पाकिस्तान स्थित विभिन्न गुरुद्वारों के दर्शन और प्रकाश पर्व में शामिल होने के लिए यात्रा करेंगे। झारखंड से इस यात्रा के लिए 16 लोगों का चयन किया गया है, जिनमें से 13 श्रद्धालु जत्थे के साथ पाकिस्तान जाएंगे। इनमें कोडरमा जिले के छह श्रद्धालु भी शामिल हैं।
झारखंड से जाने वाले जत्थे का प्रभारी झुमरी तिलैया निवासी संजू सिंह लांबा को नियुक्त किया गया है। कोडरमा जिले से कवलजीत कौर, हरजीत सिंह सलूजा, भूपेंद्र छाबड़ा, हरमीत छाबड़ा और नरेंद्र कौर यात्रा में शामिल होंगे। वहीं, चतरा जिले के हंटरगंज से अमरजीत सिंह और समरजीत सिंह, धनबाद से भजन सिंह, मनदीप सिंह, गुरदीप सिंह और कुलजीत सिंह तथा चंद्रपुरा से रुमा सिंह और शैलेंद्र सिंह पाकिस्तान जाने वाले जत्थे में शामिल हैं।
20 नवंबर को अमृतसर से होगी रवानगी
यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं की सीआईडी जांच की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, जत्था 20 नवंबर को अमृतसर के लिए रवाना होगा। इसके बाद 22 नवंबर को वाघा बॉर्डर के रास्ते पाकिस्तान में प्रवेश करेगा। वहां से श्रद्धालु सिख धर्म के पवित्र तीर्थस्थल ननकाना साहिब पहुंचकर गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व समारोह में शामिल होंगे और मत्था टेककर आशीर्वाद लेंगे।चार बार पाकिस्तान के गुरुद्वारों की यात्रा कर चुके हैं संजू सिंह लांबा।जत्थे के प्रभारी संजू सिंह लांबा इससे पहले भी चार बार पाकिस्तान स्थित गुरुद्वारों की यात्रा कर चुके हैं। उनके नेतृत्व में झारखंड के श्रद्धालु इस धार्मिक यात्रा पर रवाना होंगे। गुरु नानक देव जी के जन्मस्थान ननकाना साहिब में आयोजित होने वाले प्रकाश पर्व को लेकर सिख समुदाय के श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल है।
