फुलवारीशरीफ, अजीत। आगामी चुनाव को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और भयमुक्त माहौल में संपन्न कराने को लेकर पुलिस प्रशासन की ओर से वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा है. इसी क्रम में शुक्रवार को धनरुआ थाना परिसर के सामने एसएच-01 पर वाहन जांच के दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध बाइक सवार युवक को रोककर तलाशी ली. तलाशी के दौरान उसके पास से .315 बोर के 10 राउंड जिंदा कारतूस बरामद किए गए।
पुलिस ने मौके से युवक को गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार युवक की पहचान पिपरा थाना क्षेत्र के साहजहपुर गांव निवासी संतोष पासवान के पुत्र नीतीश कुमार (24) के रूप में हुई है. पुलिस ने उसके पास से कारतूस के अलावा एक मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन भी बरामद किया है।
बताया गया कि धनरुआ थानाध्यक्ष अमित कुमार के नेतृत्व में थाना परिसर के सामने एसएच-01 पर वाहनों की जांच की जा रही थी. इसी दौरान बाइक सवार युवक पुलिस को देखकर संदिग्ध गतिविधि करता नजर आया. पुलिस ने उसे रोककर जांच की, जिसमें कारतूस बरामद होने के बाद उसे हिरासत में ले लिया गया।
पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है कि वह 10 राउंड जिंदा कारतूस कहां से लेकर आया था और इन्हें किस उद्देश्य से रखा गया था. पुलिस कारतूस की खरीद-बिक्री और इसके पीछे जुड़े अन्य लोगों के बारे में भी जानकारी जुटा रही है. मामले में धनरुआ थाने में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
