फुलवारीशरीफ(अजीत यादव): फुलवारी थाने में अब खास को ही नहीं बल्कि आमलोगों को भी कुर्सी नसीब होगी क्योंकि उनके लिए आगंतुक कक्ष बनकर तैयार हो चुका है। अब अपनी शिकायत एवं समस्या लेकर थाना पहुंचने वाले लोगों को पुलिस पदाधिकारी के किसी काम में व्यस्त होने या भीड़ होने के कारण इधर-उधर भटकना नहीं पड़ेगा। ऐसे लोग आगंतुक कक्ष में बैठकर इंतजार कर सकेंगे। आगंतुक कक्ष में इंतजार करने के बाद वे पुलिस पदाधिकारी से मिल सकेंगे। बता दें कि इस आगंतुक कक्ष के निर्माण की घोषणा 3 साल पूर्व फुलवारी शरीफ थाना का निरीक्षण करने पहुंचे जोनल आईजी नैयर हसनैन खान ने किया था।
दरअसल, खाकी का नाम सुनते ही आमजन के मन में भय और डर का माहौल पैदा हो जाता है। इसी के चलते आमजन अपनी किसी भी समस्या को लेकर पुलिस थानों में जाने से कतराते है। पुलिस के प्रति इन्हीं विचारों को बदलने और बेहतर छवि को बनाए रखने के लिए आमजन के लिए पुलिस थानों में स्वागत कक्ष का निर्माण किया गया है। आगंतुक कक्ष बनने से समय समय पर होने वाले बैठक में काफ़ी सुविधा होगी वहीं लोगों को गर्मी व बरसात के मौसम में शेड लगे इस आगंतुक कक्ष में ठहरने का फायदा मिल जायेगा। आगंतुक कक्ष को रौशनी से चकाचौंध कर दिया गया है और गर्मी के समय लोगों को गर्मी से निजात के लिए पंखे का भी इंतजाम किया गया है। वहीं आगंतुक कक्ष कि खुबसुरती के लिए रंग-बिरंगे पौधे भी लगाये गये है। इतना ही नहीं यहां ठंडे पानी के वाटर कूलर लगाने पर भी विचार किया जा रहा है।
