बिहार

नवाबगंज अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की बदहाली पर ग्रामीणों ने उठाई आवाज, बीसीएमओ से की सुधार की मांग

अररिया, रंजीत ठाकुर। नरपतगंज प्रखंड क्षेत्र के नवाबगंज स्थित अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की बदहाल स्थिति को लेकर शनिवार को नवगठित “फुलकाहा उत्थान संघर्ष समिति” के नेतृत्व में ग्रामीणों ने प्रखंड चिकित्सा पदाधिकारी (बीसीएमओ) को आवेदन सौंपकर शीघ्र सुधारात्मक कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों द्वारा दिए गए आवेदन में बताया गया है कि स्वास्थ्य केंद्र में साफ-सफाई, पेयजल, शौचालय, भवन रखरखाव तथा अन्य बुनियादी स्वास्थ्य सुविधाओं का गंभीर अभाव है। केंद्र परिसर में नियमित सफाई नहीं होने के कारण गंदगी का अंबार लगा रहता है, जिससे मरीजों और उनके परिजनों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। आवेदन में यह भी उल्लेख किया गया है कि स्वास्थ्य केंद्र में आवश्यक दवाइयों, चिकित्सा उपकरणों एवं पर्याप्त स्वास्थ्यकर्मियों की कमी बनी हुई है। वहीं भवन के कई हिस्से जर्जर अवस्था में हैं, जिससे किसी भी समय दुर्घटना होने की आशंका बनी रहती है।

ग्रामीणों का कहना है कि स्वास्थ्य केंद्र की बदहाली के कारण क्षेत्र के लोगों को समुचित स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने बीसीएमओ से स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण कर आवश्यक मरम्मत, नियमित साफ-सफाई, दवाओं की उपलब्धता तथा अन्य बुनियादी सुविधाएं सुनिश्चित कराने की मांग की है। इस दौरान समिति के अध्यक्ष राजू गुप्ता, उपाध्यक्ष राजेश रंजन, सचिव रणजीत ठाकुर, सदस्य बबलू सिंह, दीपक गुप्ता, मोहम्मद हशीब अंसारी, महेश गुप्ता, संतोष साह सहित अन्य ग्रामीण मौजूद थे। इधर, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी नरपतगंज दीपक कुमार ने आवेदन को गंभीरता से लेते हुए कहा कि जल्द ही नवाबगंज अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि निरीक्षण के दौरान जो भी कमियां सामने आएंगी, उन्हें दूर करने का हरसंभव प्रयास किया जाएगा तथा क्षेत्रवासियों को स्वच्छ एवं बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। ग्रामीणों ने उम्मीद जताई है कि प्रशासन इस मामले को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र आवश्यक कार्रवाई करेगा, ताकि क्षेत्र के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल सके।

Related posts

चंद्रवंशी महासभा की संगठनात्मक बैठक एवं सर्वसम्मति से नई प्रदेश कार्यकारिणी का गठन

सम्राट चौधरी की सरकार ने शिक्षा के भगवाकरण की नीति अपनाई ; जनता दल यू और एनडीए के अन्य घटक दलो की चुप्पी क्यों : एजाज अहमद

मनेर में पासपोर्ट एवं उपडाकघर ऑफिस को RDX से उड़ाने की धमकी, सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट; परिसर खाली कराया, पुलिस बल तैनात

error: