आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के तहत जिले के नागरिकों के स्वास्थ्य संबंधी अभिलेखों को डिजिटल रूप से सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित करने तथा आवश्यकता के समय उपचार में उनका बेहतर उपयोग सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा है। जिलाधिकारी श्री कुंदन कुमार ने जिले के सभी नागरिकों का आभा (ABHA) कार्ड बनवाने की प्रक्रिया को गति देने तथा विभिन्न विभागों एवं संस्थानों के माध्यम से शत-प्रतिशत कवरेज सुनिश्चित करने का निर्देश संबंधित पदाधिकारियों को दिया है।
आभा (ABHA) कार्ड के माध्यम से नागरिकों के स्वास्थ्य संबंधी डिजिटल अभिलेखों को सुरक्षित एवं व्यवस्थित रूप से उपलब्ध रखने में मदद मिलेगी। इससे आवश्यकता पड़ने पर उपचार के दौरान स्वास्थ्य संबंधी जानकारी का बेहतर उपयोग किया जा सकेगा तथा डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच को और सुदृढ़ किया जा सकेगा।
राशन दुकानों पर आने वाले सभी लाभुकों का बनेगा आभा कार्ड
जिलाधिकारी ने अपर जिला दंडाधिकारी, आपूर्ति एवं विशिष्ट पदाधिकारी, अनुभाजन, पटना को निर्देश दिया है कि जन वितरण प्रणाली की दुकानों पर राशन का उठाव करने के लिए आने वाले सभी नागरिकों को आभा कार्ड के महत्व की जानकारी दी जाए तथा आभा ऐप के माध्यम से उनका आभा कार्ड बनवाना सुनिश्चित किया जाए। इस कार्य में सभी जन वितरण प्रणाली विक्रेताओं को सक्रिय भूमिका निभाने का निर्देश दिया गया है।
आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से भी बनेगा आभा कार्ड
जिलाधिकारी ने आंगनबाड़ी सेविका एवं सहायिका को निर्देश दिया है कि Village Health, Sanitation and Nutrition Day (VHSND) तथा Take Home Ration Day (THR Day) के अवसर पर केंद्र पर आने वाले नागरिकों का आभा कार्ड बनाने के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें। इन अवसरों का उपयोग अधिक से अधिक लोगों को डिजिटल स्वास्थ्य व्यवस्था से जोड़ने के लिए किया जाएगा।
विद्यालयों में सभी विद्यार्थियों का आभा कार्ड बनाने का निर्देश
जिले के सभी विद्यालयों में अध्ययनरत विद्यार्थियों को भी इस अभियान से जोड़ने के लिए जिलाधिकारी ने जिला शिक्षा पदाधिकारी को निर्देश दिया है कि सभी विद्यालयों में विद्यार्थियों का शत-प्रतिशत आभा कार्ड निर्माण सुनिश्चित कराया जाए।
जीविका दीदियों एवं उनके परिवार के सदस्यों को भी अभियान से जोड़ा जाएगा
जिले की सभी जीविका दीदियों तथा उनके परिवार के सदस्यों का भी शत-प्रतिशत आभा कार्ड बनवाने का लक्ष्य रखा गया है। जिलाधिकारी ने जिला परियोजना प्रबंधक, जीविका को इसके लिए आवश्यक कार्रवाई करने तथा जीविका के माध्यम से अधिक से अधिक परिवारों को डिजिटल स्वास्थ्य व्यवस्था से जोड़ने का निर्देश दिया है।
आशा कार्यकर्ताओं के माध्यम से घर-घर पहुंच
स्वास्थ्य विभाग की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए जिलाधिकारी ने जिला कार्यक्रम प्रबंधक, स्वास्थ्य को निर्देश दिया है कि आशा कार्यकर्ताओं के माध्यम से अधिक से अधिक नागरिकों का आभा कार्ड बनवाने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। आशा कार्यकर्ता अपने क्षेत्र के नागरिकों को आभा कार्ड के लाभों की जानकारी देते हुए उन्हें इस डिजिटल स्वास्थ्य व्यवस्था से जोड़ेंगी।
सहज वसुधा केंद्रों पर भी उपलब्ध होगी सुविधा
जिलाधिकारी ने जिला प्रबंधक, सहज वसुधा केंद्र को निर्देश दिया है कि कॉमन सर्विस सेंटर पर आने वाले प्रत्येक नागरिक का आभा कार्ड बनाने के लिए आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। सहज वसुधा केंद्रों के माध्यम से भी अभियान को व्यापक स्तर पर संचालित करने का निर्देश दिया गया है।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि अपने-अपने विभाग एवं क्षेत्र के माध्यम से अधिकतम नागरिकों को आभा से जोड़ने के लिए समन्वित एवं मिशन मोड में कार्य करें। उन्होंने कहा कि आभा कार्ड निर्माण केवल एक कार्ड उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह नागरिकों को डिजिटल स्वास्थ्य व्यवस्था से जोड़ने की महत्वपूर्ण पहल है। इसके माध्यम से स्वास्थ्य संबंधी अभिलेखों को सुरक्षित एवं व्यवस्थित रखने और उपचार के समय आवश्यक स्वास्थ्य जानकारी के बेहतर उपयोग में सुविधा होगी।
जिलाधिकारी ने अभियान की नियमित समीक्षा करने तथा निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप शत-प्रतिशत आभा कार्ड निर्माण सुनिश्चित करने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया है।
