पटना, अजित। पटना जिले के गौरीचक थाना क्षेत्र में गुरुवार को दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने की जोरदार टक्कर में एक युवक की मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग घायल हो गए. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जुट गई।
घटना गौरीचक थाना क्षेत्र के चंडासी मोड़ के आगे अबगिला गांव के सामने पेट्रोल पंप के पास की बताई जा रही है. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों बाइक पर कुल पांच लोग सवार थे. टक्कर इतनी भीषण थी कि सभी सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से जख्मी हो गए. स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को पहले नव्या हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया।
घायलों में मेहारीचक गांव निवासी गणेश राम और नरेश राम समेत अन्य लोग शामिल बताए जा रहे हैं. वहीं दूसरी बाइक पर सवार तीन लोग रामकृष्ण नगर इलाके के बताए जा रहे हैं. गंभीर रूप से घायल दो लोगों को बेहतर इलाज के लिए नालंदा मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा गया, जहां इलाज के दौरान एक युवक की मौत हो गई. हालांकि देर रात तक मृतक की स्पष्ट पहचान की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी थी. वहीं दूसरे गंभीर घायल का इलाज जारी है और उसकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि हादसे के काफी देर बाद पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची, जिससे लोगों में नाराजगी देखी गई. लोगों का कहना था कि पटना-गया रोड पर लगातार सड़क हादसे हो रहे हैं, लेकिन प्रशासन की ओर से ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। गौरीचक थाना पुलिस ने बताया कि दो मोटरसाइकिलों की टक्कर में घायल लोगों को अस्पताल पहुंचाया गया था. मामले की जांच की जा रही है तथा घायलों की पहचान और हादसे के कारणों की जानकारी जुटाई जा रही है. गौरीचक थाना अध्यक्ष ने एक युवक की नालंदा मेडिकल कॉलेज अस्पताल में मौत की पुष्टि किया है हालांकि मृतक की पहचान नाम पता नहीं बता पाए।
