जहानाबाद, (न्यूज़ क्राइम 24) समाहरणालय स्थित ग्राम फ्लेक्स भवन में सोमवार को जिला स्तरीय कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति (बीस सूत्री समिति) की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता बिहार सरकार के अल्पसंख्यक कल्याण विभाग के मंत्री सह जहानाबाद के प्रभारी मंत्री ने की।
बैठक में जिले में संचालित विभिन्न विकासात्मक एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। इस दौरान प्रभारी मंत्री ने योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति का बारीकी से जायजा लेते हुए अधिकारियों को कार्यों को पारदर्शी, गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध तरीके से पूरा करने का निर्देश दिया।
बैठक में जिला पदाधिकारी, पुलिस अधीक्षक सहित सभी विभागों के वरीय अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सुनिश्चित करें तथा विकास कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाए।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार विकास कार्यों को लेकर पूरी तरह गंभीर है और मुख्यमंत्री के विजन के अनुरूप जिले में आधारभूत संरचनाओं के विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं को गति दी जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक कार्यों में तेजी लाने तथा कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है। बैठक में विकास योजनाओं की प्रगति, जनहित से जुड़े कार्यों तथा प्रशासनिक व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
