पटना, अजित। पटना के पुनपुन नदी तट पर स्थित सुरक्षा बांध के पास मंगलवार को एक हृदयविदारक सड़क हादसे में 26 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई. इस घटना से इलाके में शोक की लहर दौड़ गई, वहीं मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। प्राप्त जानकारी के अनुसार सकरैचा गांव निवासी सुनील चौधरी के 26 वर्षीय पुत्र आदित्य कुमार मोटरसाइकिल से जानीपुर की ओर से अपने गांव लौट रहे थे. इसी दौरान पुनपुन नदी के सुरक्षा बांध के पास अचानक बाइक का संतुलन बिगड़ गया. तेज रफ्तार के कारण बाइक पलट गई और आदित्य सड़क किनारे बने गहरे खड्डे में जा गिरे. हादसा इतना भीषण था कि आदित्य की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर जुट गए. ग्रामीणों ने तत्काल घायल युवक को अस्पताल पहुंचाने की कोशिश की, लेकिन तब तक उनकी सांसें थम चुकी थीं. सूचना मिलने पर परसा बाजार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
बताया जा रहा है कि आदित्य कुमार परिवार का कमाऊ सदस्य था. उसकी असामयिक मौत से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है. पत्नी, माता-पिता और परिजनों का रो-रोकर हाल बेहाल है. पुलिस मामले की जांच में जुटी है और हादसे के कारणों की छानबीन की जा रही है, पटना के पुनपुन नदी तट पर स्थित सुरक्षा बांध के पास हुए दर्दनाक सड़क हादसे के बाद सीपीआई एमएल के वरिष्ठ नेता लेनिन पासवान मौके पर पहुंचे और मृतक के परिजनों से मुलाकात कर गहरा दुख जताया. उन्होंने घटना को बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि आदित्य कुमार का परिवार अत्यंत गरीब है और उसकी असमय मौत से पूरा परिवार आर्थिक संकट में घिर गया है।
लेनिन पासवान ने पुलिस प्रशासन और जिला प्रशासन से मांग की कि मृतक की पत्नी, बच्चों और परिवार के अन्य सदस्यों के भरण-पोषण के लिए सरकार को अविलंब उचित मुआवजा देना चाहिए. उन्होंने कहा कि केवल संवेदना जताना पर्याप्त नहीं है, बल्कि पीड़ित परिवार को आर्थिक सहारा देना सरकार की जिम्मेदारी है। उन्होंने पुनपुन सुरक्षा बांध को लगातार हादसों का केंद्र बताते हुए कहा कि इस मार्ग पर बीते कई वर्षों से लगातार सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं, लेकिन सरकार और प्रशासन इस ओर गंभीरता से ध्यान नहीं दे रहा है. रात के समय पूरा इलाका अंधेरे में डूबा रहता है, सड़क संकरी है और नदी किनारे पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था नहीं होने के कारण वाहन सीधे तटबंध के नीचे गिर जाते हैं, जिससे लोगों की जान जा रही है।
सीपीआई एमएल नेता ने स्पष्ट रूप से कहा कि सबसे पहले पुनपुन नदी के किनारे बने सुरक्षा बांध की सड़क पर पर्याप्त स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था होनी चाहिए. दिन से लेकर रात तक इस मार्ग से हजारों छोटे-बड़े वाहन गुजरते हैं, लेकिन रोशनी के अभाव में हादसे की आशंका बनी रहती है. उन्होंने मांग की कि पूरे तटबंध मार्ग पर स्थायी स्ट्रीट लाइट लगाई जाए, ताकि रात के समय भी सड़क स्पष्ट दिखाई दे। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि तटबंध की सड़क का चौड़ीकरण और मरम्मत भी बेहद जरूरी है. सड़क संकरी और जर्जर होने के कारण जरा सी चूक में वाहन नदी किनारे पलट जाते हैं. अगर समय रहते स्ट्रीट लाइट, सड़क चौड़ीकरण और सुरक्षा उपाय किए जाएं तो ऐसी दर्दनाक घटनाओं पर रोक लगाई जा सकती है। लेनिन पासवान ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द ही इस दिशा में ठोस कदम नहीं उठाए गए तो सीपीआई एमएल आंदोलन के लिए मजबूर होगी. उन्होंने सरकार से मांग की कि पुनपुन सुरक्षा बांध को सुरक्षित मार्ग घोषित कर यहां स्थायी समाधान किया जाए, ताकि भविष्य में किसी और परिवार को अपने बेटे या पति की जान न गंवानी पड़े।
