पालीगंज(आनंद मोहन): पालीगंज थाना क्षेत्र के पिपरदाहा गांव में कुछ दिन पहले ससुराल आए युवक की संदिग्ध स्थिति में मौत हो गई। मौत की सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवक का शव उसके ससुराल से बरामद कर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक की पहचान अरवल जिले के बुधन बिगहा गांव निवासी रामलखन यादव के 28 वर्षीय पुत्र अमित कुमार के रूप में की जा रही है। बेटे की मौत की सूचना पर पहुंचे पिता ने ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाते हुए स्थानीय थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। लिखित आवेदन में पिता ने पुलिस को बताया है कि उसका बेटा अपनी पत्नी और छह वर्षीय बेटे के साथ दो दिन पूर्व ससुराल आया था। आज सुबह अमित ने अपने पिता से बात भी की थी। इसके कुछ ही घंटे बाद उसकी तबियत खराब होने की सूचना बहु अमृता ने दी। आनन फानन में परिजन बेटे की ससुराल पहुंच गए। यहां बेटे का शव देख पिता और साथ आए लोग हतप्रभ रह गए। परिजनों ने इसकी सूचना पुलिस को दे दी। मृतक के पिता ने बताया कि व्यक्तिगत मामले को ले पति पत्नी के बीच अक्सर विवाद हो जाया करता था। अपनी बहू पर रिश्तेदारों के साथ मिलकर बेटे की हत्या करने का आरोप मृतक के पिता ने लगाया है। इस बाबत थानाध्यक्ष राजीव सिंह ने बताया कि मामला संदिग्ध है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मामला स्प्ष्ट हो पाएगा। मृतक के पिता ने पांच लोगों पर हत्या का आरोप लगाते हुए मामला दर्ज कराया है। पुरे मामले की छानबीन की जा रही है।
next post
