बिहार

70 साल पुराने अस्पताल की बदहाली पर सिस्टम मौन, 13 साल से अधूरा पड़ा करोड़ों का भवन

अररिया, रंजीत ठाकुर। जिस अस्पताल को कभी आसपास की कई पंचायतों के हजारों लोगों के लिए जीवनरक्षक सहारा माना जाता था, आज वही अस्पताल खुद इलाज और सरकारी व्यवस्था का मोहताज बनकर रह गया है। नरपतगंज प्रखंड क्षेत्र का अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नवाबगंज करीब 70 वर्षों की स्वास्थ्य सेवा के बाद अब बदहाली के आंसू बहा रहा है। वर्ष 1956 में निर्मित अस्पताल का पुराना भवन पूरी तरह जर्जर हो चुका है। दीवारों में गहरी दरारें हैं, छत टूटने की कगार पर है और भवन की कमजोर संरचना के बीच मरीजों एवं स्वास्थ्यकर्मियों की जान जोखिम में डालकर स्वास्थ्य सेवाएं संचालित की जा रही हैं। ग्रामीणों के लिए यह स्थिति केवल बदहाल स्वास्थ्य व्यवस्था का मामला नहीं, बल्कि वर्षों से चली आ रही उपेक्षा और सरकारी उदासीनता की कहानी बन चुकी है।

हैरानी की बात यह है कि अस्पताल की बदहाली दूर करने के उद्देश्य से वर्ष 2010-11 में परिसर में करीब करोड़ों रुपये की लागत से 16 बेड वाले आधुनिक अस्पताल भवन का निर्माण शुरू कराया गया था। लेकिन संवेदक द्वारा वर्ष 2012-13 में निर्माण कार्य अधूरा छोड़ दिए जाने के बाद से भवन आज तक पूरा नहीं हो सका। लगभग 13 वर्षों से अधूरा पड़ा यह भवन सरकारी योजनाओं की जमीनी हकीकत बयां कर रहा है। करोड़ों रुपये की लागत से तैयार होने वाला अस्पताल भवन आज भी मरीजों के किसी काम नहीं आ रहा है। एक ओर नया भवन अधूरा पड़ा है, तो दूसरी ओर पुराने जर्जर भवन में मरीजों का इलाज जारी है।

विधानसभा में गूंजी आवाज, स्वास्थ्य मंत्री का आश्वासन भी बेअसर

अस्पताल भवन का मुद्दा कई बार जनप्रतिनिधियों के माध्यम से विधानसभा तक पहुंच चुका है। तत्कालीन विधायक जयप्रकाश यादव ने इस गंभीर समस्या को सदन में उठाया था। वहीं वर्तमान विधायक देवंती यादव ने भी अपने प्रथम विधानसभा सत्र में नवाबगंज अस्पताल के अधूरे भवन और बदहाल स्वास्थ्य व्यवस्था का मामला उठाया था। उस दौरान तत्कालीन स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडे ने तीन माह के भीतर निर्माण कार्य पूरा कराने का आश्वासन दिया था। लेकिन आश्वासन के वर्षों गुजर जाने के बाद भी अस्पताल की तस्वीर नहीं बदली। सवाल यह है कि जब विधानसभा में मामला उठ चुका है और विभागीय स्तर पर समस्या की जानकारी भी है, तो फिर निर्माण कार्य पूरा कराने की पहल अब तक क्यों नहीं हुई?

सांसद के एक सप्ताह में जांच के आश्वासन को भी बीता महीना

अस्पताल की बदहाली का मामला अक्टूबर माह में अररिया के सांसद प्रदीप कुमार सिंह के संज्ञान में भी लाया गया था। दुर्गापूजा के दौरान क्षेत्र भ्रमण के क्रम में सार्वजनिक दुर्गा मंदिर फुलकाहा परिसर में ग्रामीणों ने अस्पताल की जर्जर स्थिति और वर्षों से अधूरे पड़े नए भवन को लेकर सवाल उठाए थे। इस पर सांसद ने एक सप्ताह के अंदर अस्पताल भवन की विभागीय जांच कराने तथा सांसद निधि से निर्माण कार्य पूरा कराने की दिशा में पहल करने की बात कही थी। लेकिन ग्रामीणों का कहना है कि एक सप्ताह तो दूर, महीना बीत जाने के बाद भी न तो जांच की कोई जानकारी सामने आई और न ही अधूरे भवन को पूरा कराने की दिशा में कोई ठोस कागजी पहल दिखाई दी। इससे ग्रामीणों में निराशा और नाराजगी बढ़ती जा रही है।

अधिकारी बोले- विभाग को भेजी गई है जानकारी

इस संबंध में प्रखंड चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. दीपक कुमार ने बताया कि अस्पताल भवन की जर्जर स्थिति से विभाग को कई बार अवगत कराया गया है। भवन की मरम्मत और नए भवन निर्माण को लेकर प्रस्ताव भी उच्चाधिकारियों को भेजा गया है। स्वीकृति मिलते ही आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

ग्रामीणों की चेतावनी- हादसे के बाद जागेगा विभाग?

फुलकाहा के राजू साह, सचिव रंजीत ठाकुर, राजेश रंजन, संतोष साह, महेश प्रसाद गुप्ता, मोहम्मद कासिम, दीपक गुप्ता, रामवृक्ष पासवान सहित अन्य ग्रामीणों ने कहा कि नवाबगंज अस्पताल सिर्फ एक सरकारी भवन नहीं, बल्कि आसपास के हजारों परिवारों की उम्मीद और आस्था से जुड़ा स्वास्थ्य केंद्र है। वर्षों से लोग इसी अस्पताल के सहारे स्वास्थ्य सुविधाओं की उम्मीद लगाए बैठे हैं। लेकिन आज मरीजों को जर्जर भवन में इलाज कराने की मजबूरी है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि समय रहते भवन की मरम्मत और नए अस्पताल का निर्माण पूरा नहीं कराया गया तो कभी भी बड़ी दुर्घटना हो सकती है। ऐसी स्थिति में इसकी जिम्मेदारी संबंधित विभागीय अधिकारियों और जवाबदेह जनप्रतिनिधियों की होगी।

ग्रामीणों ने बिहार सरकार एवं स्वास्थ्य विभाग से अविलंब विभागीय जांच कराने, अधूरे 16 बेड वाले अस्पताल भवन के निर्माण की स्थिति सार्वजनिक करने, निर्माण कार्य छोड़ने वाले संवेदक की जवाबदेही तय करने तथा पुराने भवन की सुरक्षा सुनिश्चित कर सभी आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं बहाल करने की मांग की है।

अब सवाल सिर्फ अधूरे भवन का नहीं, जवाबदेही का भी है। जब 70 वर्षों से क्षेत्र के लोगों की स्वास्थ्य सेवा से जुड़ा अस्पताल जर्जर है, करोड़ों की लागत से बना नया भवन 13 वर्षों से अधूरा है, मामला विधानसभा तक पहुंच चुका है और सांसद भी जांच का आश्वासन दे चुके हैं, तो आखिर कार्रवाई की फाइल कहां अटकी है? विकास की बड़ी-बड़ी घोषणाओं के बीच नवाबगंज अस्पताल की बदहाली सरकारी व्यवस्था के सामने एक बड़ा सवाल खड़ा कर रही है। ग्रामीण अब आश्वासन नहीं, बल्कि अस्पताल भवन का निर्माण पूरा होते और सुरक्षित स्वास्थ्य सुविधाएं बहाल होते देखना चाहते हैं।

Related posts

भारत-नेपाल सीमा पर एसएसबी-पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 17 किलो गांजा बरामद!

दीघा स्थित 100 एमएलडी क्षमता क़े सीवरेज वाटर ट्रीटमेंट प्लांट का एम डी बुडको एवं जिलाधिकारी ने किया निरीक्षण

कार्तिक पूर्णिमा और गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व पर तेजस्वी यादव ने पटना साहिब में टेका मत्था, देशवासियों को दी शुभकामनाएं