फुलवारीशरीफ, अजित। बुलडोजर कार्रवाई के खिलाफ तथा आवास और रोजगार की मांग को लेकर 17 जून को फुलवारी शरीफ के नदियावा में सहयोग शिविर में सीएम सम्राट चौधरी के आगमन अवसर पर प्रस्तावित प्रतिवाद मार्च को भाकपा (माले) ने फिलहाल स्थगित कर दिया है. यह निर्णय पटना जिलाधिकारी के साथ हुई बैठक में मिले सकारात्मक आश्वासन के बाद लिया गया।
बैठक में जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि बिना वैकल्पिक व्यवस्था किए किसी भी गरीब परिवार के घर पर बुलडोजर नहीं चलाया जाएगा. उन्होंने संबंधित अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया कि प्रभावित परिवारों के पुनर्वास की व्यवस्था पहले की जाए।
बैठक के दौरान फुलवारी अंचलाधिकारी को खड़िहा मुसहरी, पलंगा मुसहरी तथा नत्थूपुर रेलवे लाइन किनारे बसे नट समुदाय के परिवारों को 15 दिनों के भीतर भूमि पर्चा उपलब्ध कराने की प्रक्रिया आगे बढ़ाने का निर्देश भी दिया गया. इसके अलावा लंबे समय से रुकी हुई विधवा और दिव्यांग पेंशन योजनाओं को तत्काल शुरू कराने की बात कही गई।
भाकपा (माले) प्रखंड सचिव गुरुदेव दास ने बताया कि पटना जिलाधिकारी के साथ हुई बैठक में गरीब परिवारों के आवास, पुनर्वास और विभिन्न जनसमस्याओं पर गंभीर चर्चा हुई. बैठक के दौरान प्रशासन की ओर से कई महत्वपूर्ण आश्वासन दिए गए, जिसके बाद आंदोलन को फिलहाल स्थगित करने का निर्णय लिया गया.गुरुदेव दास ने कहा कि प्रशासन की ओर से मिले सकारात्मक आश्वासन और बातचीत के बाद फिलहाल 17 जून को प्रस्तावित प्रतिवाद मार्च को स्थगित किया गया है. संगठन गरीबों के आवास, जमीन, पेंशन और रोजगार के सवालों पर संघर्ष जारी रखेगा।
भाकपा (माले) नेताओं ने बताया कि इन मुद्दों की प्रगति की समीक्षा के लिए अगली बैठक 22 जून को आयोजित की जाएगी. यदि प्रशासन अपने आश्वासनों को लागू नहीं करता है तो आगे की रणनीति तय की जाएगी। बैठक में जिलाधिकारी डॉ एस एम त्याग राजन के साथ एसपी सिटी पूर्वी परिचय कुमार बीडीओ फुलवारी विजय कुमार मिश्रा, सीओ सुनील कुमार, पटना सदर डीएसपी टू रंजन कुमार, फुलवारीशरीफ एस डी पी ओ सुशील कुमार सिंह भाकपा (माले) प्रखंड सचिव गुरुदेव दास, शरीफा मांझी, खेग्रामस प्रखंड अध्यक्ष देवी लाल पासवान, खेग्रामस प्रखंड सचिव अनिल कुमार चंद्रवंशी, मंटू साह सहित अन्य प्रतिनिधि मौजूद रहे।
