फुलवारी शरीफ, अजित : सर्वमंगला सांस्कृतिक मंच द्वारा प्रस्तुत नाटक “हम हिंदुस्तानी” ने फुलवारी शरीफ स्थित वाल्मी सभागार में सांप्रदायिक सौहार्द और राष्ट्रीय एकता का अनूठा संदेश दिया. इस नाटक को लिखा है महेश चौधरी ने और इसका निर्देशन किया है मिथिलेश कुमार पांडे ने.
नाटक की शुरुआत अमन राज की मधुर आवाज़ में स्वरबद्ध गीत “हिंदू, मुस्लिम, सिख, इसाई – सबके दिलों की जान, यही है मेरा हिंदुस्तान” से हुई, जिसने दर्शकों को भावनाओं के सागर में बहा दिया.
इस नाटक के माध्यम से सभी धर्मों की मूल भावना को समझने और उसे अपनाने की प्रेरणा दी गई. मातृभूमि की गोद में पले-बढ़े विविध संस्कृतियों और धर्मों के लोग जब एक सूत्र में बंधते हैं, तभी एक सशक्त और सुंदर भारत की कल्पना साकार होती है.
नाटक में यह संदेश दिया गया कि जैसे बगिया में रंग-बिरंगे फूल खिलते हैं, वैसे ही हमारे देश में हिंदू, मुस्लिम, सिख और इसाई सभी धर्मों के लोग एक समान भाव से रहते हैं. यही हमारी असली पहचान और ताकत है.
कलाकारों ने अपने दमदार अभिनय से इस विचार को जीवंत कर दिया. मंच पर महेश चौधरी, कमेश्नर प्रसाद, अमन राज, करण कुमार, कंचन कुमारी, अंजनी कुमार वर्मा, रंजन कुमार और मोहम्मद अब्बास अली ने शानदार अभिनय कर दर्शकों की खूब तालियां बटोरी.
नाटक के अंत में सभी दर्शकों ने एक स्वर में आपसी भाईचारे और प्रेम का संदेश फैलाने का संकल्प लिया. इस प्रस्तुति ने यह साबित कर दिया कि कला और संस्कृति आज भी समाज को जोड़ने का सबसे मजबूत माध्यम है.
