पटना, (न्यूज़ क्राइम 24) तख्त श्री हरिमन्दिर जी पटना साहिब प्रबन्धक कमेटी की ओर से पहली पातशाही श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के अवसर पर विशाल नगर कीर्तन सजाया गया। नगर कीर्तन साहिब श्री गुरु ग्रन्थ साहिब की छत्रछाया में पांच प्यारों की अगुवाई में गुरुद्वारा गुरु का बाग से आरंभ होकर तख्त पटना साहिब पहुंच कर समाप्ति हुआ। जहां प्रबन्धक कमेटी के पदाधिकारियों के द्वारा नगर कीर्तन में शामिल पांच प्यारों साहिबान और संगत का भव्य स्वागत किया।
तख्त पटना साहिब प्रबन्धक कमेटी के अध्यक्ष जगजोत सिंह सोही ने जानकारी देते हुए बताया कि गुरुद्वारा गुरु का बाग में दीवान सजाए गए जिसमें श्री अखंड पाठ साहिब जी की समाप्ति के बाद भाई निशान सिंह जी धुबाल, कविश्री जत्था ने संगत को निहाल किया उसके बाद तख्त साहिब के हजूरी कथा वाचक ज्ञानी दलजीत सिंह जी, द्वारा गुरु साहिब के जीवन इतिहास पर कथा की गई। उपरांत भाई गुरदीप सिंह जी, रागी जत्था जमशेदपुर, भाई हरमीत सिंह जी, रागी जत्था जमशेदपुर, भाई गुरमेल सिंह जी बरनाला, रागी जत्था लुधियाना नंे संगत को कीेर्तन श्रवण करवाया। इसके बाद जत्थेदार सिंह साहिब भाई बलदेव सिंह जी, एवं एडिशनल हेड ग्रंथी द्वारा अरदास की गई। स्टेज सेक्रेटरी की सेवा ज्ञानी गगनदीप सिंह जी, हजूरी कथावाचक द्वारा निभाई गई। दीवान में महासचिव इन्द्रजीत सिंह, सचिव हरबंस सिंह, उपाध्यक्ष गंुरुविन्दर सिंह, सदस्य महेन्द्रपाल सिंह ढिल्लो, हरपाल सिंह जोहल, ने उपस्थित रहकर संगतों के दर्शन किए।
सरदार जगजो सिंह सोही एवं सरदार इन्द्रजीत सिंह ने कहा कि श्री गुरु नानक देव जी ने सांसारिक अंधकार में घिरी मानवता को सत्य का मार्ग दिखाया। उन्होंने कहा कि जिस समय संसार में कर्मकांडों का अत्यधिक बोलबाला था, उस समय गुरु साहिब ने इन आडंबरों का खंडन करते हुए पूरी दुनिया को यह संदेश दिया कि समस्त संसार एक ही ज्योति से जुड़ा हुआ है और एक ही नूर से संपूर्ण सृष्टि की उत्पत्ति हुई है।
उन्होंने कहा कि गुरु साहिब ने अपनी शिक्षाओं के माध्यम से जहां उस समय के अत्याचारी शासक बाबर की निंदा की, वहीं महिलाओं के सम्मान और समानता का संदेश भी पूरी दुनिया के सामने रखा। गुरु साहिब ने स्पष्ट किया कि जिस स्त्री ने राजाओं और शासकों को जन्म दिया है, उसे बुरा कैसे कहा जा सकता है।
उन्होंने कहा कि आज भी श्री गुरु नानक देव जी की शिक्षाएं हमारा मार्गदर्शन कर रही हैं और समस्त मानवता उनके दिखाए मार्ग पर चलकर अपने जीवन को सफल बना रही है।
