फुलवारीशरीफ, अजित। बिहार सरकार के शिक्षा विभाग से सम्मानित शिक्षिका नीतू शाही द्वारा एक जून से 10 जून तक आयोजित समर कैंप का बुधवार को उत्साहपूर्ण माहौल में समापन किया गया. समापन समारोह की शुरुआत बच्चों द्वारा प्रस्तुत प्रेरणादायक पंक्तियों “सूरज की तपिश में हमने नया हुनर पाया है, समर कैंप ने हमें एक नया मुकाम सिखाया है, भले ही खत्म हो रहा है ये समर का सफर, अगले साल फिर नई उमंग के साथ लौट कर आएंगे.” के साथ हुई।
समारोह में कई अभिभावकों एवं समाजसेवियों ने मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया. सभी अतिथियों ने समर कैंप की सराहना करते हुए बच्चों के प्रयासों और उनकी प्रतिभा की प्रशंसा की. इस दौरान अतिथियों ने बच्चों से बातचीत कर उनके अनुभवों को जाना और उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों और समाजसेवियों द्वारा शिव मंदिर परिसर में पौधारोपण किया गया. इस अवसर पर “पर्यावरण बचे तो प्राण बचे.” का संदेश देते हुए लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया. शिक्षिका नीतू शाही ने सभी अतिथियों और समाजसेवियों को पौधा भेंट कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया. वहीं बच्चों द्वारा अपने हाथों से तैयार किए गए आकर्षक ग्रीटिंग कार्ड भी अतिथियों को उपहार स्वरूप प्रदान किए गए।
समर कैंप के दौरान बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी रचनात्मकता, अनुशासन, सहयोग और मेहनत का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया. कैंप में बच्चों को विभिन्न शैक्षणिक, सांस्कृतिक एवं रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से सीखने और आत्मविश्वास विकसित करने का अवसर मिला। समापन समारोह में शिक्षिका नीतू शाही ने कहा कि सीखना एक निरंतर यात्रा है और बच्चों को आनंद के साथ सीखते हुए जीवन में आगे बढ़ते रहना चाहिए. कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागी बच्चों को प्रमाण पत्र, रंग एवं कलम प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं।
