पटना, (न्यूज़ क्राइम 24) गन्ना क्षेत्र के समग्र विकास, किसानों की आय में वृद्धि, गन्ना उत्पादन, उत्पादकता में सुधार और चीनी उद्योग के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से सोमवार को ईखायुक्त श्री अनिल कुमार झा की अध्यक्षता में गन्ना परामर्शदात्री समिति का गठन किया गया।
इस समिति में ईख अनुसंधान संस्थान पूसा के निदेशक, गन्ना प्रजनक संस्थान कोयंबटूर के निदेशक को सदस्य, ईख विकास के संयुक्त निदेशक/ उपनिदेशक को सदस्य सचिव, राज्य में कार्यरत सभी चीनी मिलों के महाप्रबंधक, सभी सहायक निदेशक ईख विकास, ईखायुक्त द्वारा मनोनित प्रत्येक चीनी मिल क्षेत्र के एक-एक किसान और ईखायुक्त द्वारा गैर चीनी मिल क्षेत्र से मनोनित अधिकतम पांच किसानों को सदस्य बनाया गया है। गन्ना उद्योग विभाग के अनुसार यह समिति गन्ना विकास की योजनाओं के सुत्रण, अनुश्रवण, गुणवत्ता में सुधार के लिए परामर्श देने के साथ ही नई योजना, इनोवेटिव घटक आदि पर अपना सुझाव देगी। इसके अलावा अन्य कोई विषय जो राज्य में गन्ना विकास, गन्ना किसान, गन्ना आधारित उद्योग के विकास के लिए आवश्यक हो उसके संबंध में परामर्श देगी। बताया जाता है कि आवश्यकतानुसार अन्य विभाग और विशेषज्ञों को इस समिति में शामिल किया जा सकता है।
