अररिया, रंजीत ठाकुर। सरस्वती विद्या निकेतन कुन-कुन देवी उच्च विद्यालय, फुलकाहा नवाबगंज के परिसर में रविवार को भारत सरकार के ‘नशामुक्त युवा भारत’ अभियान के तहत नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं और आम लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा समाज को नशामुक्त बनाने के लिए लोगों को प्रेरित करना था। कार्यक्रम का आयोजन फुलकाहा थानाध्यक्ष विकास कुमार मौर्य की अध्यक्षता में किया गया। मुख्य अतिथि के रूप में सर्किल इंस्पेक्टर सतीश कुमार मौजूद रहे। इस दौरान पुलिस, एसएसबी, स्थानीय युवा एवं आम लोगों ने भाग लेकर नशे के खिलाफ जागरूकता का संदेश दिया।
कार्यक्रम में बताया गया कि फुलकाहा थाना क्षेत्र भारत-नेपाल सीमा से सटा सीमावर्ती इलाका है। ऐसे में ड्रग्स, ब्राउन शुगर, गांजा, अफीम, शराब सहित अन्य नशीले पदार्थों की तस्करी और सेवन को लेकर विशेष सतर्कता जरूरी है। युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने के लिए पुलिस और सुरक्षा बलों के साथ-साथ समाज के प्रत्येक व्यक्ति को अपनी जिम्मेदारी निभाने की अपील की गई। थानाध्यक्ष विकास कुमार मौर्य ने युवाओं से अपील करते हुए कहा कि वे नशे से दूर रहें, स्वस्थ जीवन अपनाएं और अपने आसपास के लोगों को भी नशे के खिलाफ जागरूक करें। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों की गतिविधियों पर नजर रखने तथा उन्हें शिक्षा, खेल और सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ने का आह्वान किया। सर्किल इंस्पेक्टर सतीश कुमार ने युवाओं को संदेश देते हुए कहा कि नशे से दूर रहें और स्वस्थ जीवन चुनें। युवाओं को नशे के खिलाफ जागरूक करें तथा परिवार और समाज को नशामुक्त बनाने में सहयोग करें। नशा नहीं, राष्ट्र निर्माण चुनें।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस-पब्लिक मैत्री को मजबूत करने के उद्देश्य से फुटबॉल और क्रिकेट प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। फुटबॉल मैच एसएसबी और बिहार पुलिस की टीम के बीच खेला गया, जिसमें फुलकाहा थाना की टीम ने 2-0 से जीत दर्ज की। वहीं क्रिकेट मैच पुलिस, एसएसबी और स्थानीय पब्लिक की सहभागिता से खेला गया। अंपायर की भूमिका संतोष साह ने निभाई। पुलिस टीम ने 11 ओवर में 8 विकेट खोकर 83 रन बनाए। जवाब में पब्लिक टीम 10 ओवर और 5 गेंद में 65 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। इस तरह पुलिस टीम ने 18 रन से जीत दर्ज की।
खेल प्रतियोगिता के दौरान नवयुग भारत गैस एजेंसी, फुलकाहा के प्रोपराइटर राजेश रंजन की ओर से खिलाड़ियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इस मौके पर पुलिस की ओर से थानाध्यक्ष विकास कुमार मौर्य, अपर थानाध्यक्ष गुलशन कुमार, एएसआई प्रदीप भारती, जितराज नाग, चालक नियामत अली, शिक्षक अशोक राम, समाजसेवी मोहम्मद हसीब, संतोष साह, रणविजय शर्मा सहित दर्जनों लोग मौजूद थे। एसएसबी की ओर से सहायक उपनिरीक्षक सुरेंद्र सिंह, मुख्य आरक्षी विपिन कुमार शुपल, मदन राम चेरी, आरक्षी विशाल राणा और भगीरथ मीणा सहित अन्य जवानों ने भाग लिया। कार्यक्रम के माध्यम से पुलिस, एसएसबी और स्थानीय लोगों ने संयुक्त रूप से संदेश दिया कि नशामुक्त युवा ही स्वस्थ परिवार, सुरक्षित समाज और मजबूत राष्ट्र की नींव रख सकते हैं।
