अररिया, रंजीत ठाकुर। भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत 56वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में भारतीय किराना सामान और एक ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त की है। हालांकि इस कार्रवाई के दौरान कोई तस्कर गिरफ्तार नहीं हो सका। प्राप्त जानकारी के अनुसार, 2 जुलाई 2026 की सुबह करीब 5:30 बजे 56वीं वाहिनी एसएसबी के पथरदेवा बीओपी की विशेष नाका ड्यूटी टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर भारत-नेपाल सीमा के सीमा स्तंभ संख्या 184 से लगभग 500 मीटर भारतीय क्षेत्र के गुवारपुचरी गांव के समीप छापेमारी की।
कार्रवाई के दौरान नेपाल तस्करी के लिए ले जाए जा रहे भारी मात्रा में भारतीय सामान को जब्त कर लिया गया। जब्त सामान में 48 बोरी चीनी (50-50 किलोग्राम), एक बोरी मैदा (48 किलोग्राम), 200 बंडल दुल्हन गुल तंबाकू, 50 बंडल रजनीवास गुटखा, 560 बोतल स्प्राइट (250 मिली), 600 बोतल कोका-कोला (250 मिली), 30 पैकेट स्मूथ कॉफी कैंडी, 30 पैकेट क्रंची कोकोनट कैंडी, 18 कार्टून राधा रानी वेजिटेबल ऑयल (500 मिली), 10 कार्टून डायमंड रिफाइंड सोयाबीन तेल (1 लीटर), 10 कार्टून डायमंड रिफाइंड सोयाबीन तेल (500 मिली) तथा एक सोनालिका ट्रैक्टर-ट्रॉली (पंजीकरण संख्या BR37GA5880) शामिल हैं।
प्राथमिक जांच में पता चला है कि जब्त सामान फारबिसगंज के स्थानीय बाजार से खरीदा गया था और इसे गुवारपुचरी निवासी सुधीर कुमार मेहता के लिए नेपाल भेजे जाने की तैयारी थी। एसएसबी सहायक सेनानायक फुलकाहा राणा कुमार ने बताया कि शुक्रवार को जब्त सभी सामान और ट्रैक्टर-ट्रॉली को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के लिए सीमा शुल्क (कस्टम) कार्यालय, फारबिसगंज को सुपुर्द किया जाएगा। उन्होंने ने कहा कि भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी के विरुद्ध आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
