फुलवारीशरीफ, अजीत। गौरीचक थाना क्षेत्र के अजीमचक गांव में लगातार हो रही भैंस चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों का आक्रोश शनिवार को सड़क पर उतर आया. पिछले आठ दिनों में छह भैंसों की चोरी होने से नाराज ग्रामीणों ने गया-पटना मुख्य मार्ग को जाम कर दिया. जाम के कारण सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गयी और स्कूली बच्चों, मरीजों, शिक्षकों तथा ड्यूटी पर जाने वाले लोगों को काफी परेशानी हुई।
ग्रामीणों के अनुसार शनिवार की देर रात हथियारबंद पशु चोर अजीमचक निवासी देवेंद्र राय के घर पहुंचे. अपराधियों ने पिस्तौल का भय दिखाकर पशुबाड़े से तीन भैंस खोल लीं और फरार हो गये. देवेंद्र राय की पत्नी शकुंतला देवी ने बताया कि अपराधियों के हथियार के डर से परिवार के लोग विरोध नहीं कर सके. ग्रामीणों का कहना है कि इससे पहले तीन अक्टूबर को भी इलाके से तीन भैंसों की चोरी हुई थी. लगातार पशु चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में पुलिस की कार्यशैली को लेकर नाराजगी है।
सुबह ग्रामीणों ने चोरी की घटनाओं के विरोध में गया-पटना मुख्य मार्ग जाम कर दिया. सड़क जाम होने से संपतचक की ओर कोचिंग जाने वाले कई छात्र रास्ते में फंस गये. कुछ बच्चों को जाम के कारण वापस घर लौटना पड़ा. अस्पताल जाने वाले मरीजों और ड्यूटी पर जा रहे लोगों को भी परेशानी झेलनी पड़ी. कई घंटे तक मुख्य मार्ग पर यातायात प्रभावित रहा।
सूचना मिलने पर गौरीचक थानाध्यक्ष सुमन कुमार, एसआई कमल नयन और कुशपर ओपी प्रभारी धर्मेंद्र कुमार गिरी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाते हुए चोरी की घटनाओं में शामिल अपराधियों की गिरफ्तारी और पशुओं की बरामदगी का आश्वासन दिया. इसके बाद ग्रामीणों ने जाम समाप्त किया और यातायात बहाल हो सका।
ग्रामीण रंजीत कुमार उर्फ लक्ष्मण ने आरोप लगाया कि पूर्व में चोरी हुई कुछ भैंसें पालीगंज थाना क्षेत्र में बरामद हुई थीं. ग्रामीणों का कहना है कि रात में उन्हें बरामद भैंसें उनकी होने की जानकारी दी गयी, लेकिन सुबह कथित रूप से भैंसें किसी दूसरे व्यक्ति को सौंप दी गयीं. इसको लेकर ग्रामीणों ने पालीगंज थाना पुलिस और कथित बिचौलियों की भूमिका पर भी सवाल उठाये हैं. हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है. ग्रामीणों ने पुलिस से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर पशु चोरों को गिरफ्तार करने और चोरी गयी सभी भैंसों को बरामद करने की मांग की है।
