शेखपुरा, उमेश कुमार : जिला पदाधिकारी शेखर आनंद ने शनिवार को मंथन सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में मनरेगा, लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान और जल-जीवन-हरियाली योजनाओं पर कड़ा रुख अपनाया। डीएम ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी लंबित कार्य समय पर पूरे किए जाएं।
बैठक के मुख्य निर्देश:
- जल-जीवन-हरियाली: आहार, पइन और पोखरों का जीर्णोद्धार शत-प्रतिशत पूरा करने को कहा। बड़े स्तर पर वृक्षारोपण और सभी चापाकलों के किनारे सोखता निर्माण अनिवार्य किया गया।
- मनरेगा: जिले में 44 खेल मैदान बन चुके हैं, 13 अभी लंबित हैं। डीएम ने बचे हुए मैदानों को जल्द पूरा करने का आदेश दिया। आधार आच्छादन और भुगतान प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी बनाने पर जोर दिया।
- आवास योजना: मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ सिर्फ योग्य लाभार्थियों तक पहुंचे। सभी BDO को अपने प्रखंड में एक-एक आदर्श कॉलोनी बनाने का लक्ष्य दिया गया।
- स्वच्छता अभियान: स्वच्छता कर्मियों का भुगतान समय पर करने, खराब ई-रिक्शा ठीक कराने के निर्देश। ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियमावली सख्ती से लागू करने और यूजर चार्ज वसूली प्रभावी बनाने को कहा। सभी पंचायतों में कुओं का सर्वे और महादलित टोलों में प्राथमिकता पर शौचालय निर्माण के आदेश दिए।
बैठक में DRDA निदेशक, DRDA लेखा पदाधिकारी, सभी BDO, स्वच्छता पर्यवेक्षक कॉर्डिनेटर, मनरेगा PO सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।
डीएम के इन निर्देशों से जिले में रुके हुए विकास कार्यों में तेजी आने और योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचने की उम्मीद है।
