बिहार

भूमि विवादों के त्वरित निपटारे और श्रावणी मेला की तैयारियों को लेकर एसडीओ ने की समीक्षा बैठक

शेखपुरा, उमेश कुमार : अनुमंडल पदाधिकारी सुश्री प्रियंका कुमारी की अध्यक्षता में गुरुवार को अनुमंडल कार्यालय प्रकोष्ठ में भूमि विवाद, कानून व्यवस्था और आगामी श्रावणी मेला की तैयारियों को लेकर उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सभी अंचलाधिकारी और थानाध्यक्ष उपस्थित रहे।

भूमि विवादों पर सख्त निर्देश

बैठक में एसडीओ ने भूमि से जुड़े संवेदनशील मामलों पर गहन चर्चा की। उन्होंने जमीन बंटवारे और पैमाइश के लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर जल्द निपटाने का निर्देश दिया, ताकि पारिवारिक विवाद हिंसक रूप न ले सकें।

उन्होंने सरकारी और सार्वजनिक भूमियों पर अवैध अतिक्रमण के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए अतिक्रमण हटाने के आदेश दिए। साथ ही शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए संदिग्ध व अशांति फैलाने वाले तत्वों के विरुद्ध धारा 126 और 163 के तहत कठोर निरोधात्मक कार्रवाई करने को कहा।

सहयोग शिविर के आवेदनों की होगी जमीनी जांच

‘सहयोग शिविर’ के तहत प्राप्त लंबित आवेदनों की समीक्षा करते हुए एसडीओ ने कहा कि “संबंधित पदाधिकारी स्वयं स्थल पर जाकर आवेदनों की गहन जांच करें। केवल कागजी खानापूर्ति नहीं होनी चाहिए। निष्पादन पूरी तरह पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण होना चाहिए ताकि आम जनता को राहत मिल सके।”

कानून व्यवस्था और श्रावणी मेला की तैयारी

कानून व्यवस्था को लेकर सभी थानों को लंबित वारंटों का शत-प्रतिशत निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। एसडीओ ने कहा कि इससे अपराधियों में कानून का भय बना रहेगा।

आगामी पावन श्रावणी मेला के मद्देनजर उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर ठोस कार्रवाई शुरू करने की हिदायत दी।

बैठक के अंत में एसडीओ ने स्पष्ट किया कि सभी अंचलाधिकारी और थानाध्यक्ष आपसी समन्वय से मामलों की जांच निष्पक्षता से करेंगे। शिथिलता बरतने वाले अधिकारियों पर सख्त प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी।

Related posts

सिख गुरुओं पर अभद्र टिप्पणी करने वाले को अभिलंब प्रशासन गिरफ्तार करें : त्रिलोक सिंह निषाद

पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश बिहार विधान परिषद के लिए मनोनीत, कल ले सकते हैं शपथ

नगर निगम कर्मियों की हड़ताल सातवां दिन भी रहा जारी

error: