पटना(न्यूज क्राइम 24): राज्य में 20 सितंबर से 11 जिलों में सर्वजन दवा सेवन (एमडीए) कार्यक्रम चलाया जाएगा। जिसमें भोजपुर, बक्सर, मधुबनी, नालंदा, नवादा, पटना, पूर्णिया, दरभंगा, लखीसराय, रोहतास और समस्तीपुर जिला शामिल है। अभियान के दौरान कोई बच्चे या व्यक्ति दवा खाने से वंचित न रह जाए। इसके लिए जन जागरूकता, रैली, वाद-विवाद, चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित कर समुदाय को प्रोत्साहित किया जा रहा है।
जिसमें संबंधित विभागों के जिले व प्रखंड स्तर पर कार्यरत पदाधिकारियों व कर्मचारियों द्वारा सहयोग प्रदान किया जा रहा है। वहीं, फाइलेरिया नेटवर्क के जरिए फाइलेरिया मरीज भी पटना, नवादा एवं पूर्णिया जिले में लोगों को एमडीए के लिए जागरूक कर रहे हैं. दस अगस्त से एमडीए राउंड शुरू होनी थी। लेकिन आशा कार्यकर्ता की हडताल की वजह से इसे स्थगित कर दिया गया था। लेकिन इस दौरान एमडीए राउंड के लिए जो जन-जागरूकता कार्यक्रम चलाया जा रहा था। वह पूर्ववत जारी था। इसे आगे भी जारी रखा गया है।
जन-प्रतिनिधि दवा सेवन कर करेंगे अभियान की शुरुआत
फाइलेरिया के राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. परमेश्वर प्रसाद ने कहा कि सर्वजन दवा सेवन कार्यक्रम को सफ़ल बनाने के लिए जीविका के सदस्य समुदाय को फाइलेरिया से बचाव की दवा सेवन करने के लिए प्रोत्साहित कर रहे हैं। साथ ही जीविका समूह के सदस्य अपने घर के पांच घर बाएं व पांच घर दाएं के लोगों को दवा खाने के लिए प्रेरित भी कर रहे हैं। इसके अलावा एमडीए में जन-सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए जन-प्रतिनिधि में सहयोग करेंगे. इसके लिए मुखिया व वार्ड सदस्य अपने गांव में सर्वजन दवा सेवन का शुभारंभ फाइलेरिया की दवा खाकर स्वयं करेंगे। ये अभियान के एक सप्ताह पहले या इस दौरान गांव में माइकिंग के द्वारा एमडीए के बारे में प्रचार-प्रसार कर ग्रामीणों को जागरूक करेंगे। ताकि अभियान को शत-प्रतिशत सफल बनाया जा सके।
सोशल मीडिया से एमडीए पर जागरूकता बढ़ाने की कोशिश:
डॉ. परमेश्वर प्रसाद ने कहा कि जिला कार्यक्रम अधिकारी जिला एवं प्रखंड स्तर के समस्त वाटसएप ग्रुप में फाइलेरिया से बचाव हेतु बने वीडियो को शेयर करें। ताकि शत-प्रतिशत लोग एमडीए के दौरान फाइलेरिया से बचाव की दवा का सेवन कर सकें। उन्होंने कहा कि बाल विकास पदाधिकारी एवं सेक्टर सुपरवाइजर मासिक बैठक कर आंगनबाडी कार्यकर्ता अभियान में सहयोग के लिए प्रोत्साहित कर रहे हैं। आंगनबाडी कार्यकर्ता डीईसी व अल्बेंडाजोल की दवा का सेवन करने के लिए व ग्राम स्वास्थ्य पोषण एवं स्वच्छता दिवस पर फाइलेरिया जैसी घातक बीमारी पर चर्चा कर समुदाय को प्रोत्साहित कर रहे है। वहीं अभियान को सफल बनाने के लिए शिक्षक व छात्र मिलकर दवा सेवन के लिए समुदाय में जागरूकता फैलाने के लिए रैली, वाद-विवाद एवं चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। साथ ही शिक्षक प्रार्थना के दौरान बच्चों को शपथ दिला उन्हें अपने गांव से फाइलेरिया को मिटाने के लिए जागरूक कर रहे हैं।
