पटना/फुलवारी, अजित। रोटरी पटना मिड टाउन का 48वां पदस्थापना समारोह शुक्रवार को होटल मौर्या में आयोजित किया गया. समारोह में वर्ष 2026-27 के लिए क्लब की नई कार्यकारिणी ने पदभार ग्रहण किया. प्रसिद्ध नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. रंजना कुमार ने क्लब की अध्यक्ष, प्रमेश कुमार ने सचिव तथा राजेश गुप्ता ने कोषाध्यक्ष का दायित्व संभाला.
समारोह के मुख्य अतिथि डायरेक्टर जनरल (विजिलेंस) जितेंद्र सिंह गंगवार, आईपीएस थे, जबकि पूर्व जिला गवर्नर विपिन चचान विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे. कार्यक्रम के दौरान नए पदाधिकारियों का स्वागत किया गया और उन्हें रोटरी का प्रतीक चिह्न सौंपा गया.
सचिव प्रमेश कुमार ने क्लब की ओर से संचालित सामाजिक और जनसेवा से जुड़े विभिन्न कार्यों की जानकारी दी. अध्यक्ष डॉ. रंजना कुमार ने कहा कि रोटरी का मूल मंत्र “स्वार्थ से ऊपर सेवा” है और इसी भावना के साथ क्लब शिक्षा, स्वास्थ्य और समाजसेवा के क्षेत्र में अपने कार्यों को आगे बढ़ाता रहेगा.
प्रसिद्ध ऑर्थोपेडिक सर्जन डॉ. आर. एन. सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि रोटरी की सदस्यता केवल एक पद नहीं, बल्कि सेवा का संकल्प है. उन्होंने कहा कि प्रत्येक रोटेरियन का हृदय करुणा से भरा होना चाहिए और जरूरतमंदों की सहायता के लिए सदैव तत्पर रहना चाहिए.
मुख्य अतिथि जितेंद्र सिंह गंगवार ने कहा कि रोटरी समाज के कमजोर और जरूरतमंद वर्गों के लिए उल्लेखनीय कार्य कर रही है. उन्होंने विशेष रूप से दिव्यांग बच्चों, दृष्टिबाधित विद्यालयों, वृद्धाश्रमों, पोलियो उन्मूलन और कैंसर जागरूकता के क्षेत्र में क्लब के योगदान की सराहना की. उन्होंने बताया कि नवादा में पदस्थापना के दौरान वह स्वयं नवादा रोटरी क्लब के चार्टर अध्यक्ष रह चुके हैं.
कैंसर विशेषज्ञ डॉ. वी. पी. सिंह ने कहा कि सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम के लिए रोटरी द्वारा निःशुल्क वैक्सीन उपलब्ध कराई जा रही है, जिससे अधिक से अधिक महिलाओं को लाभ मिल सके.
कार्यक्रम का संचालन विद्या नारायण और डॉ. प्रीतांजलि सिंह ने किया. इस अवसर पर पूर्व सचिव शरद रंजन और पूर्व अध्यक्ष डॉ. प्रतीक आनंद ने नए अध्यक्ष और सचिव को रोटरी का प्रतीक चिह्न हस्तांतरित किया। समारोह में डॉ. सी. के. खंडेलवाल, डॉ. रणवीर नारायण, एन. के. बोस, आर. एन. खन्ना, अभिषेक अकेला, विशाल अग्रवाल, रूंगता, अशोक सोनी सहित बड़ी संख्या में रोटेरियन एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
