पटना, (न्यूज़ क्राइम 24) मुजफ्फरपुर जिले के गायघाट थाना क्षेत्र अंतर्गत चोरनियां गांव में अजय राय की कथित पुलिस हत्या के मामले को लेकर बिहार प्रदेश राष्ट्रीय जनता दल (राजद) का एक प्रतिनिधिमंडल पुलिस महानिदेशक विनय कुमार से मिला और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की। राजद प्रदेश अध्यक्ष मंगनी लाल मंडल के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल में पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष उदय नारायण चौधरी, राष्ट्रीय महासचिव अलख निरंजन उर्फ बीनू यादव, प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. तनवीर हसन, प्रदेश प्रधान महासचिव रणविजय साहू, पूर्व विधायक निरंजन राय, जिलाध्यक्ष रमेश गुप्ता (मुजफ्फरपुर) एवं प्रदेश प्रवक्ता एजाज अहमद शामिल थे।
प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस महानिदेशक के समक्ष मामले से संबंधित सभी तथ्यों को रखा। साथ ही नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव द्वारा 25 मार्च 2026 को घटनास्थल के दौरे के दौरान प्राप्त जानकारी के आधार पर भेजे गए पत्र की प्रति भी सौंपी गई। इस पर पुलिस महानिदेशक विनय कुमार ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष का पत्र उन्हें प्राप्त हो चुका है और मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। उन्होंने आश्वासन दिया कि पीड़ित परिवार को न्याय मिलेगा और दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। डीजीपी ने बताया कि एफएसएल टीम द्वारा संबंधित थानेदार के हथियार की जांच की जा चुकी है तथा उनके खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है। फिलहाल जांच रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों का इंतजार है। राजद प्रतिनिधिमंडल ने इस मामले में शीघ्र न्याय सुनिश्चित करने की मांग करते हुए डीजीपी को आवेदन भी सौंपा है।
