फुलवारीशरीफ, अजित। पटना के नत्थूपुर रोड स्थित एस.डी.भी. पब्लिक स्कूल में शनिवार को रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में नर्सरी से द्वादश वर्ग तक के विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया. प्रतिभागियों ने आत्मनिर्भर भारत, महिलाओं का सम्मान, दीपावली और छठ पर्व की महत्ता जैसे विषयों को अपनी रंगोली के माध्यम से प्रस्तुत किया।
विद्यालय के उप-निदेशक अनिल कुमार, प्राचार्य सुरेन्द्र कुमार और उप-प्राचार्य सुरेश कुमार पाण्डेय ने प्रतियोगिता का उद्घाटन किया और विद्यार्थियों की कृतियों का अवलोकन किया. आयोजन में क्रियाविधि प्रभारी उत्पल कुमार, रविचेतन त्रिपाठी, कला शिक्षक तथा अन्य शिक्षकों का विशेष सहयोग रहा।
परिणामों में सब जूनियर वर्ग (कक्षा 5वीं-6वीं) में यमुना सदन और गंगा सदन संयुक्त रूप से प्रथम, कावेरी सदन द्वितीय और गोदावरी सदन तृतीय स्थान पर रहे. जूनियर वर्ग (कक्षा 7वीं-8वीं) में यमुना सदन ने प्रथम, गंगा सदन ने द्वितीय और गोदावरी सदन ने तृतीय स्थान प्राप्त किया. वहीं सीनियर वर्ग (कक्षा 9वीं-12वीं) में गोदावरी सदन प्रथम, गंगा सदन द्वितीय और कावेरी सदन तृतीय स्थान पर रहा। पूर्व-प्राथमिक और प्राथमिक वर्ग के विद्यार्थियों ने भी आकर्षक रंगोली बनाकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया. विद्यालय परिवार ने विजेताओं को शुभकामनाएं दीं और सभी प्रतिभागियों का उत्साहवर्द्धन किया।
