दिल्ली, सोनू कुमार : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कल ओडिशा और पश्चिम बंगाल की यात्रा पर रहेंगे। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु भी प्रधानमंत्री के साथ ओडिशा की एक दिवसीय यात्रा में शामिल होंगी। राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री मयूरभंज जिले के पहाड़पुर गांव का दौरा करेंगे और संथाली जहेरा तथा हो जहेरा के पवित्र उपवनों, कौशल केंद्र और पहाड़पुर स्कूल में पूजा-अर्चना करेंगे। बाद में, वे मयूरभंज जिले के रायरांगपुर में ओडिशा सरकार के दो वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम में भाग लेंगे।
कार्यक्रम के दौरान, वे 47 हजार करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। ये परियोजनाएं ऊर्जा, औद्योगिक अवसंरचना, सड़क संपर्क, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यटन और सिंचाई सहित प्रमुख क्षेत्रों को कवर करती हैं।
पश्चिम बंगाल के दो दिन के दौरान, श्री मोदी कल हुगली जिले के तारकेश्वर में पश्चिम बंगाल दिवस समारोह में भाग लेंगे। वे पश्चिम बंगाल में कई विकास परियोजनाओं का शुभारंभ करेंगे, उन्हें राष्ट्र को समर्पित करेंगे और उनकी आधारशिला रखेंगे। श्री मोदी प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (पीएम-किसान) की 23वीं किस्त जारी करेंगे।
इस किस्त के तहत, देश भर के 94 करोड़ से अधिक किसानों के बैंक खातों में सीधे 18 हजार 880 करोड़ रुपये से अधिक की राशि हस्तांतरित की जाएगी। इसके अलावा, वे पश्चिम बंगाल में कई महत्वपूर्ण केंद्रीय कृषि योजनाओं का शुभारंभ करेंगे। इन योजनाओं में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, डिजिटल कृषि मिशन के अंतर्गत एग्री स्टैक, प्राकृतिक कृषि पर राष्ट्रीय मिशन और प्रधानमंत्री धन-धान्य कृषि योजना शामिल हैं।
रविवार को, प्रधानमंत्री कोलकाता में सुबह लगभग साढे 6 बजे 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस समारोह में भाग लेंगे। बाद में, श्री मोदी कोलकाता के श्यामा प्रसाद मुखर्जी बंदरगाह पर स्वदेशी रूप से डिजाइन और निर्मित तीन नौसैनिक जहाजों आईएनएस दुनागिरी, आईएनएस संशोधक और आईएनएस अग्रे का शुभारंभ करेंगे।
