फुलवारीशरीफ, अजीत। राष्ट्रीय जनता दल के फतुहा विधानसभा क्षेत्र से विधायक डॉ. रामानंद यादव की बेटी की शादी समारोह में राजनीतिक और सामाजिक जगत की बड़ी हस्तियों का जमावड़ा देखने को मिला। इस अवसर पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, राजद सुप्रीमो पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद, नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव सहित कई दलों के दिग्गज नेताओं ने पहुंचकर वर-वधू को स्नेह और आशीर्वाद दिया। शादी समारोह में हजारों की संख्या में विभिन्न राजनीतिक दलों के कार्यकर्ता, समर्थक और आम लोग शामिल हुए। फतुहा, पटना सिटी, संपतचक, गौरीचक, फुलवारी शरीफ, परसा, कृष्णा नगर, जगनपुरा समेत आसपास के इलाकों से बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ उमड़ी। इसके साथ ही दानापुर, पाटलिपुत्र और पुराने पटना लोकसभा क्षेत्र से भी लोगों की भारी उपस्थिति रही।
समारोह में सामाजिक समरसता की झलक भी देखने को मिली, जहां अलग-अलग राजनीतिक दलों के नेता और कार्यकर्ता एक मंच पर नजर आए. हर वर्ग और समुदाय के लोग इस विवाह समारोह में शामिल होकर नवविवाहित जोड़े को शुभकामनाएं देते नजर आए। पत्रकार, बुद्धिजीवी, शिक्षाविद और सामाजिक कार्यकर्ता भी बड़ी संख्या में मौजूद रहे। समारोह में सबसे अधिक भीड़ के बीच पहुंचे जगदीश यादव आकर्षण का केंद्र बने रहे। लोग उनके साथ सेल्फी लेने के लिए उत्साहित नजर आए और काफी देर तक उनके आसपास भीड़ लगी रही। विवाह समारोह में पारिवारिक और सामाजिक रिश्तों की मजबूती के साथ-साथ राजनीतिक सौहार्द का भी अनूठा उदाहरण देखने को मिला, जहां मतभेदों से ऊपर उठकर सभी ने एकजुट होकर खुशी के इस मौके को साझा किया।
