पटना, अजित। गुरुवार को बेउर थाना पुलिस ने शराब माफियाओं के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब की खेप बरामद की है. गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस छापेमारी में एक तस्कर को मौके से गिरफ्तार किया गया है। गुरुवार को सुबह करीब साढ़े ग्यारह बजे बेउर थाना पुलिस को सूचना मिली कि एक होंडा सिटी कार से भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब लेकर सिपारा पैतीस फीट इलाके में उतरने वाली है. सूचना मिलते ही वरीय पदाधिकारी को अवगत कराया गया और उनके निर्देश पर बेउर थानाध्यक्ष अफसर हुसैन के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया।
छापेमारी टीम ने बताए गए स्थान पर पहुंचकर संदिग्ध होंडा सिटी कार को रोका और तलाशी ली. तलाशी के दौरान कार से 750 एमएल की कुल 446 बोतल अंग्रेजी शराब बरामद की गई, जिसकी कुल मात्रा 334.5 लीटर आंकी गई. मौके से एक युवक को भी हिरासत में लिया गया। गिरफ्तार युवक की पहचान कुन्दन कुमार उम्र करीब 26 वर्ष, पिता अरूण पासवान, साकिन अरवल सिपाह वार्ड नंबर-06, थाना व जिला अरवल के रूप में हुई है. पुलिस ने शराब के साथ तस्करी में इस्तेमाल की जा रही होंडा सिटी कार रजिस्ट्रेशन नंबर BR01BY9941 को जब्त कर लिया है.
वाहन से DL7CF8951 नंबर की दो अलग-अलग नंबर प्लेट भी बरामद की गई है। बेउर थाना पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार तस्कर से पूछताछ की जा रही है. शराब कहां से लाई गई थी और किसे सप्लाई की जानी थी, इसकी जांच की जा रही है. पुलिस ने साफ किया है कि अवैध शराब कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और आगे भी ऐसे ठिकानों पर कार्रवाई जारी रहेगी। इस कार्रवाई में पु०नि०-सह-थानाध्यक्ष अफसर हुसैन के साथ पु०अ०नि० रवि कुमार, पु०अ०नि० राहुल दास, स०अ०नि० रविन्द्र सिंह यादव, सिपाही राजेश कुमार और सिपाही प्रमोद कुमार सिंह शामिल थे।
