पटना, (न्यूज़ क्राइम 24) पटना विमेन्स कॉलेज में नवप्रवेशी सेमेस्टर-1 की छात्राओं के लिए आयोजित तीन दिवसीय ओरिएंटेशन कार्यक्रम का समापन हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत कॉलेज एंथम के सामूहिक गायन से हुई। कार्यक्रम के दौरान जेंडर जागरूकता पर आयोजित विशेष सत्र में पटना विश्वविद्यालय के लोक प्रशासन संस्थान की निदेशक एवं सामाजिक विज्ञान संकाय की डीन प्रोफेसर शेफाली रॉय ने छात्राओं को लैंगिक समानता, विविधता और महिला सशक्तिकरण का संदेश दिया। वहीं वाणिज्य एवं प्रबंधन संकाय की डीन डॉ. सूफिया फातिमा ने महाविद्यालय की विभिन्न समितियों, क्लबों और आचार संहिता की जानकारी दी।
इस अवसर पर राजनीति विज्ञान विभाग के सहायक प्राध्यापक अद्वितीय सिन्हा ने प्लेसमेंट एवं करियर काउंसलिंग प्रकोष्ठ की जानकारी दी, जबकि कंप्यूटर एप्लीकेशन्स विभाग की सहायक प्राध्यापिका अमृता प्रकाश ने ‘दिशा’ कोचिंग कार्यक्रम से छात्राओं को अवगत कराया। खेल एवं मनोरंजन सत्र का संचालन डॉ. मंजुला सुशीला और खेल शिक्षिका काज़ी बुशरा अहमद ने किया।
महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. सिस्टर एम. रश्मि ए.सी. ने अपने अध्यक्षीय संबोधन में छात्राओं को शैक्षणिक उत्कृष्टता के साथ-साथ सर्वांगीण व्यक्तित्व विकास के लिए निरंतर प्रयास करने की प्रेरणा दी। कार्यक्रम का समापन प्रार्थना सभा और विभिन्न धर्मग्रंथों के आध्यात्मिक पाठ के साथ हुआ। कार्यक्रम का संचालन छात्र परिषद की संयुक्त महासचिव वैष्णवी श्रीवास्तव ने किया।
