पटना, (न्यूज़ क्राइम 24) महाशिवरात्रि 2025 के अवसर पर निकलने वाली शोभायात्रा की तैयारियों का जायजा लेने के लिए आज जिलाधिकारी डॉ० त्याग राजन, वरीय पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय शर्मा तथा यातायात पुलिस अधीक्षक सागर कुमार समेत अन्य अधिकारियों ने खाजपुरा शिव मंदिर, बेली रोड का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने संबंधित पदाधिकारियों को आपसी समन्वय स्थापित करते हुए पूर्णतः दुर्घटना-रहित आयोजन सुनिश्चित करने तथा श्रद्धालुओं के लिए सभी आवश्यक प्रशासनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि तैयारियां तीव्र गति से पूरी की जाएं, ताकि महाशिवरात्रि के अवसर पर किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो।
अधिकारियों ने आयोजन समिति के साथ समन्वय बनाकर भीड़-प्रबंधन, विधि-व्यवस्था संधारण एवं यातायात-प्रबंधन को लेकर विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया। साथ ही शोभा यात्रा मार्ग पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित करने को कहा गया। जिला प्रशासन, पटना द्वारा आमजन की सुविधा को ध्यान में रखते हुए ट्रैफिक प्लान भी जारी किया गया है। आम नागरिकों से अपील की गई है कि वे जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें एवं प्रशासन का सहयोग करें। किसी भी प्रकार की सूचना अथवा आपात स्थिति में नागरिक 24×7 जिला नियंत्रण कक्ष के दूरभाष संख्या 0612-2219810 / 2219234 अथवा डायल 112 पर संपर्क कर सकते हैं।
