फुलवारी शरीफ़, अजीत। गुरूवार को बामेती सभागार, पटना में डॉ० एन० विजयलक्ष्मी, प्रधान सचिव, पशु एवं मत्स्य संसाधन विभाग, बिहार की अध्यक्षता में “भारत पशुधन पोर्टल एप्लीकेशन को राज्य में क्रियान्वयन हेतु एक दिवसीय कार्यशाला – सह – प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया. डॉ० एन० विजयलक्ष्मी, प्रधान सचिव द्वारा दीप प्रज्जवलित कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया गया. प्रशिक्षण में राज्य के सभी क्षेत्रीय निदेशक, पशुपालन, जिला पशुपालन पदाधिकारी, जिला नोडल पदाधिकारी, सहायक जिला नोडल पदाधिकारी तथा कार्य से जुड़े कम्प्युटर ऑपरेटर ने भाग लिया.
कार्यशाला में प्रधान सचिव द्वारा डॉ० एन० विजयलक्ष्मी ने बताया कि केन्द्र सरकार द्वारा संचालित योजना ‘लाइवस्टॉक हेल्थ और डिजिज कन्ट्रोल प्रोग्राम के तहत राज्य में किये जा रहे पशुओं में टीकाकरण तथा कानों में टैगिंग लगाने के कार्यों से संबंधित डाटा को “भारत पशुधन पोर्टल एप्लीकेशन में प्रविष्टि किया जाना अनिवार्य है.
उन्होंने बताया कि पोर्टल में डाटा संधारण होने के बाद सिर्फ एक क्लिक” में कृत्रिम गर्भाधान, टीकाकरण तथा टैगिंग संबंधित सभी जानकारी प्राप्त की जा सकेगी. सरकार की योजनाओं का लाभ भी उन पशुओं को ही प्राप्त होगा जिसके कानों में टैगिंग किया गया है तथा उसकी प्रविष्टी इस पोर्टल पर की गयी है. कर्मियों को सरकार से मिलने वाली प्रोत्साहन राशि भी इस पोर्टल पर संधारित डाटा के आधार पर ही दिया जाएगा. पहले ये डाटा इनाफ पोर्टल में संधारित किया जाता था.”भारत पशुधन पोर्टल एप्लीकेशन” नेशनल डिजिटल लाइवस्टॉक मिशन पर आधारित एक नया पोर्टल है, इसलिए इसका संचालन संबंधी तकनीकी जानकारी हेतु कार्यशाला का आयोजन जरूरी है.
प्रधान सचिव द्वारा यह भी बताया गया कि ‘डिजिटल लाइवस्टॉक मैनेजमेंट सिस्टम’ से विभाग की सभी गतिविधियों का डाटा एकत्रित कर एक जगह डिजिटल संधारित किया जा सकता है, जिसका आकलन भी इसी माध्यम से हो सकता है। यह एक बहुत सरल माध्यम है. एम०आई०एस० के माध्यम से सभी निदेशालयों के अन्तर्गत जितने भी कार्यक्रमों एवं गतिविधियों का क्रियान्वयन किया जा रहा है, सभी कार्यक्रमों के सभी अवयवों को एक जगह देखा जा सकता है.
इस अवसर पर राज्य के नोडल पदाधिकारी डॉ० पल्लवी सिन्हा तथा समन्वयक, डॉ० सुर्यभूषण कुमार द्वारा एप्लीकेशन के कार्यान्वयन संबंधी कार्य योजना तथा तकनीकी पहलुओं की संक्षिप्त जानकारी दी गई. प्रशिक्षण कार्यक्रम में केन्द्र से आये विशेषज्ञ राकेश रावत, भावना, विजय सैनी तथा तरूण अग्रवाल द्वारा नेशनल डिजिटल लाइवस्टॉक मिशन पर आधारित “भारत पशुधन पोर्टल एप्लीकेशन’ के संचालन, क्रियान्वयन तथा डाटा प्रविष्टि के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई तथा डी०एल०एम०एस० के परियोजना निदेशक, देवांश धारी सिन्हा द्वारा डी०एल०एम०एस० एप्लीकेशन के क्रियान्वयन की विस्तृत जानकारी दी गई.
कार्यक्रम का संचालन डॉ० करूणा भारती तथा डॉ० राउत कविता अनिल ने किया
कार्यक्रम में डॉ० सुनील रंजन सिंह, संयुक्त निदेशक (प०स्वा०), डॉ० रजनी रमण श्रीवास्तव, संयुक्त निदेशक (मु०), डॉ० अनूप कुमार अनुपम, निदेशक, पशु स्वास्थ्य एवं उत्पादन संस्थान, बिहार, पटना, डॉ० दिवाकर प्रसाद, क्षेत्रीय निदेशक, पशुपालन, केन्द्रीय क्षेत्र, पटना तथा डॉ० मनोज कुमार कश्यप, परियोजना निदेशक, बिहार लाइवस्टॉक डेवलपमेंट एजेंसी, पटन एवं डॉ० राकेश बिहारी अम्बस्टा आदि की उपस्थिति रही.
