पूर्णिया, (न्यूज क्राइम 24) जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में पोषण पखवाड़ा चलाया जा रहा है। इसके तहत आंगनबाड़ी केंद्रों के साथ साथ प्रखंड स्तर पर भी विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन कर लोगों को बच्चों के बेहतर स्वास्थ और पोषण के लिए जागरूक किया जा रहा है। पोषण पखवाड़े के दौरान लोगों को जागरूक करने के लिए पूर्णिया पूर्व प्रखंड के प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र में बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ कार्यक्रम के तहत बेबी किट्स का आयोजन किया गया। इस दौरान प्रभारी स्वास्थ्य पदाधिकारी डॉ शरद कुमार, बीएचएम विभव कुमार और पूर्णिया पूर्व ग्रामीण सीडीपीओ रूपम कुमारी द्वारा संयुक्त रूप से 30 शिशु कन्याओं को आईसीडीएस जिला प्रोग्राम कार्यालय, पूर्णिया से प्राप्त बेबी किट्स का वितरण किया गया।
बेहतर स्वास्थ्य के लिए बेबी किट्स के द्वारा बच्चों को तौलिया, जोहसन्स बेबी सेट्स, ऑइल सोप, डाइपर और खिलौने दी गई। इसके साथ साथ बच्चों के अभिभावकों को प्रभारी चिकित्सक और सीडीपीओ द्वारा बच्चों के बेहतर पोषण और स्वास्थ्य के लिए आवश्यक चीजों का ध्यान रखने की जानकारी दी गई। आईसीडीएस डीपीओ रीना श्रीवास्तव ने बताया कि जिले में 09 मार्च से 23 मार्च तक पोषण पखवाड़ा चलाया जा रहा है। इस दौरान सभी जगह विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन कर लोगों को पोषण के लिए जागरूक किया जा रहा है। लोगों को बताया जा रहा है कि बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य और पोषण के लिए जिले के सभी प्रखंडों में आंगनवाड़ी केंद्र संचालित है जिसके माध्यम से बच्चों को अच्छे पोषण के साथ पढ़ाई भी कराई जाती है। इसके लिए सभी लोगों द्वारा अपने बच्चों को नियमित रूप से स्थानीय आंगनबाड़ी केन्द्र जरूर भेजना चाहिए।
शिशुओं के बेहतर पोषण के लिए अभिभावकों को दी गई जानकारी :
पूर्णिया पूर्व ग्रामीण की सीडीपीओ रूपम कुमारी ने बताया कि बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य के लिए उनके जन्म से पूर्व से ही महिलाओं को सजग रहने की आवश्यकता है। गर्भवती महिलाओं को गर्भावस्था के दौरान बेहतर पोषण की जानकारी प्रदान करने के लिए आंगनबाड़ी केंद्रों में हर माह गोदभराई कार्यक्रम का आयोजन किया जाता है। इस दौरान महिलाओं को बच्चों के जन्म के बाद पहले छः माह तक केवल स्तनपान कराने की भी जानकारी दी जाती है। छः माह बाद बच्चों को अतिरिक्त आहार खिलाया जाना चाहिए जिसके लिए आंगनबाड़ी केंद्रों में अन्नप्राशन कार्यक्रम चलाया जाता है। इनसभी कार्यक्रम के द्वारा सभी लोगों को बच्चों के बेहतर पोषण की जानकारी दी जाती है ताकि बच्चे बिल्कुल स्वस्थ और तंदुरुस्त रह सकें।
बच्चों को स्वस्थ रखने के लिए टीकाकरण आवश्यक :
पूर्णिया पूर्व प्रखंड के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ शरद कुमार ने कहा कि बच्चों को विभिन्न बीमारियों से सुरक्षित रखने के लिए बच्चों को पोषण के साथ साथ नियमित टीकाकरण भी लगवाना आवश्यक है। नियमित टीकाकरण द्वारा बच्चों को विभिन्न बीमारियों से लड़ने की शक्ति प्रदान की जाती है। इससे बच्चों के शरीर में रोग प्रतिरोधक क्षमता का विकास होता है जो उन्हें सामान्य रूप से किसी भी रोग ग्रसित होने से सुरक्षित रखता है। नियमित टीकाकरण सुविधा सभी स्वास्थ्य केंद्रों के साथ साथ भीएचएसएनडी साइट पर उपलब्ध होती है जहां प्रशिक्षित एएनएम द्वारा बच्चों को टीका लगाया जाता है। सभी लोगों को समय समय पर बच्चों को टीका जरूर लगवाना चाहिए।
