पटना, (न्यूज क्राइम 24) राज्यसभा के नवनिर्वाचित सांसद श्री संजय कुमार झा का गुरुवार को पार्टी मुख्यालय में भव्य स्वागत किया गया। पार्टी के वरीय नेताओं एवं उत्साही कार्यकर्ताओं ने गुलदस्ता भेंटकर उन्हें शुभकामनायें प्रेषित किया। इस दौरान राज्यसभा के माननीय सांसद श्री संजय कुमार झा ने तमाम साथियों का अभिवादन स्वीकार किया।
उक्त मौके पर पार्टी के माननीय प्रदेश अध्यक्ष श्री उमेश सिंह कुशवाहा ने कहा कि राज्यसभा में भेजने के लिए मा0 मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार ने अनुभवी और पार्टी के प्रति समर्पित नेता को चुना है। इसके लिए हम मा0 मुख्यमंत्री का पार्टी की ओर से आभार प्रकट करते हैं। हमें पूरा विश्वास है कि श्री संजय कुमार झा राज्यसभा में पूरी बुलंदी से बिहार के हक की आवाज को उठाने का काम करेंगे, जिससे जनता का कल्याण और प्रदेश का उत्थान होगा।
अपने संबोधन में नवनिर्वाचित राज्यसभा सांसद श्री संजय कुमार झा ने मा0मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए कहा कि राज्यसभा भेजकर मा0 मुख्यमंत्री ने मुझपर भरोसा जताया है, इतने वर्षों तक मुझे मा0 मुख्यमंत्री के सानिध्य में काम करने का अवसर प्रदान हुआ। इस दौरान हमें काफी कुछ सीखने को मिला है और उन्हीं के दिखाएं रास्ते पर हम आगे भी चलेंगे। श्री संजय कुमार झा ने कहा कि जदयू एकमात्र ऐसी पार्टी है जिसपर कभी परिवारवाद का दाग नहीं लगा। हमारी पार्टी में पंचायत स्तर का कार्यकर्ता भी अपनी योग्यता के बलबूते शीर्ष स्थान पर पहुँच सकता है। साथ ही उन्होंने कहा कि अगला 5 साल बिहार के लिए स्वर्णिम काल होगा। उन्होंने यह भी बताया कि नवंबर 2025 से पहले बिहार विधानसभा का चुनाव नहीं होगा, मीडिया में चल रही बातें बिल्कुल निराधार है।
पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्री वशिष्ठ नारायण सिंह ने कहा कि बिहार को विशेष राज्य का दर्जा या विशेष पैकेज देने की हमारी मांग पुरानी रही है और यह मुद्दा आज भी प्रासंगिक बना हुआ है। मा0 सांसद श्री संजय कुमार झा भी जरूर उच्च सदन में इस महत्वपूर्ण मुद्दे को उठाने का काम करेंगे। श्री नीतीश कुमार ने सीमित संसाधनों के बावजूद भी बिहार को गढ़ने का काम किया है। श्री संजय कुमार झा के चयन से पार्टी के सभी साथी खुश है। उन्होंने बिहार सरकार में बातौर मंत्री अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन बहुत अच्छे ढंग से किया है।
बिहार सरकार के पूर्व मंत्री श्री अशोक चैधरी ने कहा कि श्री संजय कुमार झा को राज्यसभा भेजने के निर्णय से पार्टी का एक-एक कार्यकर्ता खुश है। इस पद के लिए संजय कुमार झा सबसे उपयुक्त व्यक्ति है। श्री अशोक चैधरी ने कहा कि श्री संजय कुमार झा ने बिहार की उन्नति के लिए श्री नीतीश कुमार के सपनों को साकार करने में अहम भूमिका निभाई है। साथ ही संगठन को मजबूती प्रदान करने में भी उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा है। इस कार्यक्रम में मुख्य रूप से जदयू के मुख्य प्रवक्ता सह माननीय विधान पार्षद श्री नीरज कुमार, विधान परिषद के मुख्य सचेतक श्री संजय कुमार सिंह उर्फ गांधी जी, बिहार सरकार के पूर्व मंत्री श्री जय कुमार सिंह, पूर्व मंत्री श्री विक्रम कुँवर, पूर्व विधायक श्री राणा रणधीर सिंह, श्री नवीन आर्या, जदयू अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के अध्यक्ष श्री अशरफ हुसैन, प्रदेश महासचिव श्री वासुदेव कुशवाहा, श्री इम्तियाज अहमद आदि मौजूद रहे।
