अररिया, रंजीत ठाकुर। भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर तैनात सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) ने शुक्रवार तड़के बड़ी कार्रवाई करते हुए सीमा स्तंभ संख्या 191 के समीप स्थित जटवारा क्षेत्र से 34 किलोग्राम गांजा के साथ एक नेपाली नागरिक को गिरफ्तार किया है। बरामद गांजा की खेप भारत में तस्करी के उद्देश्य से लाई जा रही थी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 7 अगस्त 2026 को सुबह करीब 4:00 बजे एच समवाय, घूरना के प्रभारी सहायक कमांडेंट आशीष कुमार गुप्ता के नेतृत्व में एसएसबी की टीम सीमा क्षेत्र में गश्त एवं विशेष जांच अभियान चला रही थी। इसी दौरान सीमा स्तंभ संख्या 191 के पास एक संदिग्ध व्यक्ति को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 34 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसके बाद उसे तत्काल गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान अब्दुल गफ्फार (पिता- सुलेमान मियां), निवासी बिक्रमपुर, वार्ड संख्या-6, थाना हरिनगरा, जिला सुनसरी (नेपाल) के रूप में हुई है।
इस अभियान में एएसआई आदेश कुमार ने पार्टी कमांडर के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। एसएसबी ने बरामद गांजा को जब्त कर आवश्यक कागजी कार्रवाई शुरू कर दी है। कार्रवाई पूरी होने के बाद गिरफ्तार तस्कर एवं जब्त मादक पदार्थ को अग्रिम कानूनी कार्रवाई के लिए घूरना थाना पुलिस के हवाले किया जाएगा। मामले की पुष्टि करते हुए एच समवाय, घूरना के प्रभारी सहायक कमांडेंट आशीष कुमार गुप्ता ने बताया कि यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर की गई। उन्होंने कहा कि भारत-नेपाल सीमा पर मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए एसएसबी लगातार गश्त, निगरानी और सघन जांच अभियान चला रही है। इस कार्रवाई से सीमा पार से संचालित तस्करी नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है।
