अररिया, रंजीत ठाकुर। घूरना थाना पुलिस ने पुलिस टीम पर हमले के चर्चित मामले में कार्रवाई करते हुए एक नामजद आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान अशरफ (25) के रूप में हुई है। वह अख्तर मौलवी का पुत्र तथा पथराहा वार्ड संख्या-12, थाना घूरना, जिला अररिया का निवासी है।
पुलिस के अनुसार, घूरना थाना कांड संख्या-21/26, दिनांक 21 मार्च 2026 में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न गंभीर धाराओं एवं एससी/एसटी अत्याचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज है। इसी मामले में अशरफ नामजद अभियुक्त था, जिसे पुलिस ने विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया के तहत अग्रिम कार्रवाई के लिए भेज दिया है।
घूरना थानाध्यक्ष मुकेश कुमार ने बताया कि मामले में फरार अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर कानून के दायरे में लाया जाएगा।
