फुलवारीशरीफ, अजीत। फुलवारी शरीफ पुलिस ने हत्या की एक बड़ी साजिश का खुलासा करते हुए तीन अपराधियों को हथियार और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से संभावित हत्या की वारदात टल गई और इलाके में बड़ी आपराधिक घटना होने से बच गई।
जानकारी के अनुसार एक जून की देर रात फुलवारी शरीफ थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि ग्वालटोली का कुख्यात अपराधी सोनू कुरैशी अपने सहयोगियों के साथ मिलकर मौला बाग नया टोला निवासी एक युवक की हत्या की योजना बना रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर तत्काल एक विशेष टीम गठित की गई और संदिग्धों की तलाश शुरू कर दी गई।
छापेमारी के दौरान पुलिस टीम ने तीनों आरोपियों को दबोच लिया। गिरफ्तार अपराधियों में ग्वालटोली निवासी सोनू कुरैशी (42), झारखंड के धनबाद जिला अंतर्गत जोड़ा पोखर निवासी ओमप्रकाश उर्फ गुड्डू (40) तथा भोजपुर जिले के कृष्णगढ़ थाना क्षेत्र निवासी ओंकार नारायण सिंह (20) शामिल हैं।
तलाशी के दौरान पुलिस ने उनके कब्जे से एक देसी कट्टा, एक देसी पिस्तौल और चार जिंदा कारतूस बरामद किए। हथियार बरामद होने के बाद पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर थाना लाया और पूछताछ शुरू कर दी। सिटी एसपी पश्चिम भानु प्रताप सिंह ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए हत्या की साजिश को विफल किया गया है। गिरफ्तार अपराधियों के आपराधिक इतिहास की जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि हत्या की साजिश के पीछे क्या वजह थी और इस षड्यंत्र में अन्य कौन-कौन लोग शामिल थे। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ में मिले इनपुट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है। मामले में कई महत्वपूर्ण जानकारियां सामने आने की संभावना है।
