बिहार

संदिग्ध हालात में विवाहिता की मौत, एक वर्षीय बेटे का सोमवार को मनाया था जन्मदिन

अररिया, रंजीत ठाकुर। फुलकाहा थाना क्षेत्र के मानिकपुर पंचायत वार्ड संख्या-14 में बुधवार सुबह 22 वर्षीय विवाहिता रितु कुमारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई, जबकि परिजनों में कोहराम मच गया। मृतका का शव घर में मिलने के बाद पुलिस को सूचना दी गई। जानकारी के अनुसार मृतका रितु कुमारी का विवाह लगभग दो वर्ष पूर्व मानिकपुर निवासी ललन यादव के साथ हिंदू रीति-रिवाज से हुआ था। उसका पति पिछले करीब एक वर्ष से पंजाब में मजदूरी करता है। मृतका का एक वर्षीय पुत्र है, जिसका पहला जन्मदिन बीते सोमवार को परिवार ने मनाया था। परिजनों ने बताया कि घटना के समय घर में मृतका के 70 वर्षीय ससुर राजमल यादव और 65 वर्षीय सास सीता देवी घर में मौजूद थे। बुधवार सुबह रितु कुमारी का शव मिलने के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई। घटना की सूचना मिलते ही फुलकाहा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थानाध्यक्ष विकास कुमार मौर्य, अपर थानाध्यक्ष गुलशन कुमार, एसआई नीतू कुमारी एवं पुलिस बल ने घटनास्थल पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। इसके पश्चात अररिया से पहुंची चलंत फॉरेंसिक टीम ने बारीकी से जांच-पड़ताल की। बाद में शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल अररिया भेज दिया गया।

पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया शव को देखने के बाद मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं विस्तृत जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि मामला हत्या, आत्महत्या या अन्य किसी कारण से हुई मौत का है।
थानाध्यक्ष विकास कुमार मौर्य ने बताया कि मृतका के ससुर राजमल यादव को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। बताया जाता है कि मृतका मूल रूप से नेपाल के सुनसरी जिला अंतर्गत दीवानगंज वार्ड संख्या-02 निवासी डोमी यादव की पुत्री थी। घटना की जानकारी मृतका के मामा देवन यादव, ग्राम चैनपुर, थाना भीमपुर, जिला सुपौल ने मीडिया को देते हुए हत्या की आशंका जताई है। स्थानीय लोगों के अनुसार मंगलवार रात तेज हवा, आंधी और गरज-चमक के साथ भारी बारिश हुई थी, जिसके कारण परिजन गहरी नींद में सोए हुए थे। सुबह जब लोग जागे तो रितु कुमारी का शव मिला। पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच में जुटी हुई है।

Advertisements
Ad 1

Related posts

मध्य विद्यालय नवाबगंज में बाल संसद चुनाव संपन्न, बच्चों में दिखा लोकतंत्र का उत्साह

फुलकाहा एसएसबी की बड़ी कार्रवाई, भारी मात्रा में नेपाली शराब के साथ दो बाइक जब्त

महर्षि मेंही परमहंस जी महाराज की 142वीं जयंती पर निकला भव्य जुलूस, गूंजे जयघोष

error: