बिहार

BSEB Exam: 2 मई से बिहार बोर्ड की मैट्रिक और इंटर की कम्पार्टमेंटल परीक्षा

पटना, न्यूज़ क्राइम 24। बिहार विद्यालय परीक्षा समिति द्वारा इंटरमीडिएट एवं मैट्रिक विशेष तथा कम्पार्टमेंटल परीक्षा-2026 का आयोजन 02 मई से दो पालियों में शुरू होगा। परीक्षा के सफल संचालन को लेकर सभी जिलों के जिला पदाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, जिला शिक्षा पदाधिकारी एवं केंद्राधीक्षकों को आवश्यक निर्देश जारी कर दिए गए हैं। समिति के अध्यक्ष आनंद किशोर ने सख्त निर्देश देते हुए कहा है कि परीक्षार्थियों को परीक्षा शुरू होने से एक घंटा पूर्व केंद्र पर प्रवेश करना अनिवार्य होगा, जबकि मुख्य द्वार परीक्षा शुरू होने के आधा घंटा पहले बंद कर दिया जाएगा। देर से आने या जबरन प्रवेश करने पर परीक्षार्थी को दो वर्षों के लिए निष्कासित करते हुए प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। ऐसे मामलों में संबंधित केंद्राधीक्षक पर भी कार्रवाई होगी। परीक्षा केंद्रों पर कड़ी निगरानी के निर्देश दिए गए हैं। प्रत्येक परीक्षार्थी की दो स्तर पर तलाशी (फ्रिस्किंग) की जाएगी। केंद्रों पर CCTV कैमरे और वीडियोग्राफी की व्यवस्था अनिवार्य होगी। परीक्षा कक्ष में केंद्राधीक्षक को छोड़कर किसी भी व्यक्ति को मोबाइल फोन ले जाने की अनुमति नहीं होगी। साथ ही, केंद्र परिसर में धारा-163 लागू रहेगी और अनधिकृत व्यक्तियों का प्रवेश पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा।


इंटरमीडिएट परीक्षा:


इंटरमीडिएट विशेष परीक्षा में 6,500 एवं कम्पार्टमेंटल परीक्षा में 63,793 परीक्षार्थी शामिल होंगे। कुल 70,293 परीक्षार्थियों के लिए राज्यभर में 120 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा 02 मई से 11 मई तक आयोजित होगी। पहले दिन प्रथम पाली (09:30 से 12:45 बजे) में हिन्दी विषय तथा द्वितीय पाली (02:00 से 05:15 बजे) में विज्ञान के लिए जीव विज्ञान, कला के लिए इतिहास एवं वोकेशनल के लिए अंग्रेजी की परीक्षा होगी। पटना जिले में 3,769 परीक्षार्थियों के लिए 8 केंद्र बनाए गए हैं।

मैट्रिक परीक्षा:


मैट्रिक विशेष परीक्षा में 6,034 एवं कम्पार्टमेंटल परीक्षा में 62,581 परीक्षार्थी शामिल होंगे। कुल 68,615 परीक्षार्थियों के लिए राज्यभर में 159 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा 02 मई से 06 मई तक आयोजित होगी। पहले दिन प्रथम पाली में मातृभाषा (हिन्दी, बांग्ला, उर्दू, मैथिली) तथा द्वितीय पाली में द्वितीय भारतीय भाषा (संस्कृत, हिन्दी, अरबी, फारसी, भोजपुरी) की परीक्षा ली जाएगी। पटना जिले में 3,726 परीक्षार्थियों के लिए 7 केंद्र निर्धारित किए गए हैं।

Advertisements
Ad 1

विशेष प्रावधान:


सभी परीक्षाओं में OMR उत्तरपत्र एवं उत्तरपुस्तिका पर परीक्षार्थियों का फोटो सहित विवरण प्री-प्रिंटेड रहेगा। प्रश्नपत्र पढ़ने के लिए 15 मिनट का अतिरिक्त समय दिया जाएगा। दिव्यांग परीक्षार्थियों को लेखक (राइटर) की सुविधा के साथ प्रति घंटा 20 मिनट अतिरिक्त समय मिलेगा।


कंट्रोल रूम स्थापित:


परीक्षा संचालन के लिए समिति द्वारा कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है, जो 15 मई तक प्रतिदिन सुबह 6 बजे से रात 10 बजे तक कार्यरत रहेगा। किसी भी समस्या की स्थिति में 0612-2232227 एवं 0612-2232257 पर संपर्क कर समाधान प्राप्त किया जा सकता है।

Related posts

टेंडर हार्ट्स इंटरनेशनल स्कूल में धूमधाम से मनाया गया ‘यलो डे’

एससी/एसटी एक्ट मामले में दो आरोपित गिरफ्तार, न्यायिक हिरासत में भेजे गए

लाइन डे पर एसपी यातायात ने की समीक्षा बैठक, ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने पर दिया जोर

error: