अररिया, रंजीत ठाकुर। सीमावर्ती क्षेत्र में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ फुलकाहा थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए अंतरराज्यीय नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। शनिवार को अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) फारबिसगंज मुकेश कुमार साहा ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर इस पूरे ऑपरेशन की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 24 अप्रैल 2026 की शाम करीब 5:10 बजे गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी कि नेपाल से बाइक के जरिए भारी मात्रा में शराब भारत लाई जा रही है। सूचना मिलते ही थाना अध्यक्ष विकास कुमार मौर्य के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अचरा रिफ्यूजी टोला एवं नवाबगंज सीमा सड़क पर विशेष वाहन चेकिंग अभियान चलाया। जांच के दौरान अचरा के पास दो बाइक सवारों को पकड़ा गया, जिनके पास से 243 लीटर नेपाली शराब बरामद हुई। वहीं, सीमा से सटे कोशिकापुर गांव के पास तीन अन्य बाइक सवारों को पकड़कर 207 लीटर शराब जब्त की गई। इस तरह कुल 450 लीटर नेपाली देसी शराब बरामद की गई। इसके अलावा एक बाइक सवार लाइनर को भी मौके से गिरफ्तार किया गया।
7 तस्कर गिरफ्तार, नेटवर्क खंगालने में जुटी पुलिस-
कार्रवाई के दौरान कुल 7 तस्करों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों में सोनू कुमार राय, सत्यम कुमार झा, आशीष कुमार राय, परशुराम कुमार राम (सभी नाथपुर, नरपतगंज), चंद्रभूषण कुमार (हसेनाबाद, राघोपुर, सुपौल), खगेश यादव (मधुरा पश्चिम, नरपतगंज) तथा मिरणाल सिंह (नरपतगंज, अररिया) शामिल हैं।
बाइक और मोबाइल बने तस्करी का जरिया-
पुलिस ने मौके से 6 बाइक जब्त की हैं, जिनमें कई बिना नंबर या फर्जी नंबर प्लेट वाली हैं। इनका इस्तेमाल तस्करी में किया जा रहा था। साथ ही 9 मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं, जिनके आधार पर पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है।
अभियान जारी रहेगा: SDPO
SDPO मुकेश कुमार साहा ने कहा कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है और गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सीमावर्ती इलाकों में शराब तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इसमें शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
पुलिस टीम की सराहना-
इस कार्रवाई में सर्किल इंस्पेक्टर रानीगंज सतीश कुमार सिंह सहित थाना अध्यक्ष विकास कुमार मौर्य, पुअनि रमेश कुमार, पीटीसी बिपिन कुमार, सिपाही दीपु कुमार एवं चौकीदार ललित कुमार शामिल थे। थाना अध्यक्ष की इस सख्त कार्रवाई को क्षेत्र में बड़ी सफलता माना जा रहा है। स्थानीय लोगों ने भी पुलिस की सक्रियता की सराहना की है।
