अररिया, रंजीत ठाकुर। भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की 56वीं वाहिनी बथनाहा ने बड़ी सफलता हासिल की है। एसएसबी की विशेष गश्ती टीम ने बेला बॉर्डर के समीप कार्रवाई करते हुए 43.08 लीटर नेपाली शराब तथा तस्करी में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिल जब्त की है।
जानकारी के अनुसार, 56वीं वाहिनी एसएसबी बथनाहा के कार्यक्षेत्र अंतर्गत “जी” समवाय बेला की सीमा चौकी तीनखम्भा के जवानों को गुप्त सूचना मिली थी कि नेपाल से कुछ तस्कर मोटरसाइकिल के माध्यम से शराब की खेप लेकर भारतीय क्षेत्र में प्रवेश करने वाले हैं। सूचना के आधार पर कैंप प्रभारी इंस्पेक्टर रंजीत मोहंतो के नेतृत्व में तथा एसआई ग्रीश चंद्रा की उपस्थिति में एक विशेष टीम का गठन कर भैरोगंज गांव स्थित सीमा स्तंभ संख्या 196/4 के निकट नाकेबंदी की गई।
नाकेबंदी के दौरान नेपाल की ओर से आ रही दो मोटरसाइकिलें भारतीय सीमा में प्रवेश करती दिखाई दीं। जवानों को देखकर दोनों चालक मोटरसाइकिल और शराब की खेप छोड़कर नेपाल की ओर फरार हो गए। एसएसबी जवानों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों मोटरसाइकिलों पर लदी विभिन्न ब्रांड की कुल 43.08 लीटर नेपाली शराब जब्त कर ली। जब्त मोटरसाइकिलों में एक हीरो ग्लैमर (BR50AH7742) तथा दूसरी टीवीएस स्टार सिटी (BR50L5679) शामिल है।
कैंप प्रभारी इंस्पेक्टर रंजीत मोहंतो ने बताया कि सीमा क्षेत्र में तस्करी के विरुद्ध एसएसबी का अभियान लगातार जारी है और किसी भी अवैध गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने बताया कि जब्त शराब एवं मोटरसाइकिलों को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उत्पाद विभाग, अररिया को सुपुर्द कर दिया गया है। एसएसबी की इस कार्रवाई से सीमा क्षेत्र में सक्रिय तस्करों में हड़कंप मच गया है। अधिकारियों ने कहा कि भारत-नेपाल सीमा पर निगरानी को और सख्त किया जाएगा ताकि तस्करी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाया जा रहा है।
