अररिया, रंजीत ठाकुर। शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत फुलकाहा थाना पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। गुप्त सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई में पुलिस ने 27 लीटर नेपाली शराब के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद न्यायिक हिरासत में अररिया भेज दिया गया।
जानकारी के अनुसार गुरुवार की रात फुलकाहा थाना क्षेत्र के भवानीपुर गांव स्थित इशाकचक चौक के समीप पुलिस ने विशेष छापेमारी अभियान चलाया। इस दौरान नेपाल से शराब लेकर भारतीय क्षेत्र में प्रवेश कर रहे एक संदिग्ध व्यक्ति को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से दिलवाले ब्रांड की 90 बोतल नेपाली शराब (कुल 27 लीटर) बरामद हुई।
फुलकाहा थाना अध्यक्ष विकास कुमार मौर्य ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एक तस्कर माथे पर शराब लेकर भवानीपुर मुख्य सड़क के रास्ते अन्य स्थानों पर पहुंचाने की फिराक में है। सूचना के सत्यापन के बाद एसआई रमेश कुमार के नेतृत्व में टीम गठित कर छापेमारी की गई, जिसमें शराब के साथ एक व्यक्ति को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया गया। थानाध्यक्ष ने बताया कि आरोपी के विरुद्ध उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर सभी आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी की गई। इसके बाद शुक्रवार को उसे न्यायिक हिरासत में अररिया जेल भेज दिया गया।
छापेमारी अभियान में एसआई रमेश कुमार, पीटीसी विपिन कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। सीमावर्ती क्षेत्रों में शराब तस्करी पर लगातार शिकंजा कस रही फुलकाहा पुलिस की इस कार्रवाई से तस्करों में हड़कंप मचा हुआ है।
