पटनासिटी, (न्यूज़ क्राइम 24) चौक थाना क्षेत्र में ट्रक चालक के साथ लूटपाट और मारपीट करने वाले चार आरोपियों को पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज होने के महज दो घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के पास से लूटी गई नकदी भी बरामद कर ली है। जानकारी के अनुसार, 3 जून 2026 को आईटीसी कंपनी का सामान लेकर एक ट्रक दीदारगंज से मधुबनी जा रहा था। रात करीब 11:30 बजे चौक थाना क्षेत्र के चोरवा मंदिर के समीप चार अज्ञात युवकों ने ट्रक को रोक लिया। आरोपियों ने चालक विजय कुमार चौधरी को ट्रक से नीचे खींच लिया और रुपये की मांग करने लगे। विरोध करने पर चारों ने चालक के साथ मारपीट की। पीड़ित चालक के अनुसार, आरोपियों ने उसकी जेब में रखे 500 रुपये छीन लिए तथा गले में पहनी चांदी की चेन और सोने का लॉकेट भी लूट लिया। इतना ही नहीं, अपराधियों ने ईंट मारकर ट्रक का शीशा भी तोड़ दिया। इसी दौरान चालक ने साहस दिखाते हुए एक आरोपी से अपना छीना गया जेवर वापस ले लिया और शोर मचाना शुरू कर दिया। चालक की आवाज सुनकर पीछे खड़े अन्य ट्रकों के चालक मौके पर पहुंच गए। लोगों को जुटता देख चारों आरोपी मौके से फरार हो गए।
घटना के संबंध में चालक विजय कुमार चौधरी ने चौक थाना में लिखित आवेदन दिया। आवेदन के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज की जांच की। जांच के दौरान घटना में शामिल चारों आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों में साहिल कुमार उर्फ गोविंदा, शुभम कुमार, सोनू कुमार तथा राजा कुमार शामिल हैं। सभी आरोपी चौक थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं। पुलिस ने आरोपियों के पास से लूटी गई 500 रुपये की राशि बरामद कर ली है। साथ ही घटना के समय पहने गए कपड़े भी जब्त किए गए हैं। गिरफ्तार चारों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। चौक थानाध्यक्ष राज किशोर सिंह ने बताया कि सभी आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।
